भारतीय नाविकों का एक 17 सदस्यीय दल बीते आठ महीने से शारजाह के तटीय इलाके में एक जहाज पर फंसा है। इन 17 के अलावा जहाज पर इसका कैप्टन भी है, जो म्यांमार का रहने वाला है।

खलीज टाइम्स की बुधवार की रिपोर्ट के मुताबिक, पनामा में पंजीकृत यह जहाज 18 जनवरी से संयुक्त अरब अमीरात के समुद्री इलाके में लंगर डाले हुए है।

जहाज पर खाना और पानी सीमित मात्रा में है। इस पर काम करने वालों को कोई वेतन नहीं मिला है। हालात बेहद खराब हैं। अखबार ने इस सिलसिले में दुबई सामुद्रिक नगर प्राधिकरण को दी गई शिकायत के आधार पर यह जानकारी दी है।

जहाज के कप्तान टिम को ने जल्द मदद भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जहाज के नाविकों की सेहत बिगड़ रही है। जहाज दुबई स्थित एक भारतीय ब्रजेंद्र कुमार चक्रवर्ती की कंपनी विहान ट्रेडिंग का है।

नाविकों ने शिकायत में कहा कि ब्रजेंद्र ने उन्हें बचाने को लेकर अभी तक सिर्फ झूठे वादे किए हैं। एक नाविक हेमाद्री उपाध्याय ने कहा, हम उन्हें फोन करते हैं, तो यही जवाब मिलता है कि कोशिश कर रहे हैं। वे सिर्फ झूठ बोल रहे हैं।