अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अफगान सैन्य वर्दियां पहने पांच बंदूकधारियों ने एक अमेरिकी और एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को अगवा कर लिया। एक सुरक्षा अधिकारी ने सोमवार (8 अगस्त) को यह जानकारी दी। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सेदिक सिद्दिकी ने बताया कि रविवार (7 अगस्त) रात दोनों विदेशी अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ अफगानिस्तान के नजदीक मुख्य मार्ग पर अपने वाहन में सवार होकर जा रहे थे तभी दोनों का अपहरण कर लिया गया। उन्होंने बताया कि संभवत: वे विश्वविद्यालय के ही कर्मचारी हैं और यहां से वे अपने आवास की ओर जा रहे थे। अब तक किसी भी समूह ने उनके अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है।

सिद्दिकी ने बताया कि शुरुआती खबरों के मुताबिक पांच व्यक्तियों ने विदेशियों के वाहन को रोका और उनका अपहरण कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों तथा व्यापार मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए वक्तव्य जारी किया है। इसमें कहा गया है, ‘काबुल में ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति को अगवा किया गया। सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी नहीं दी जा सकती। हम ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को अफगानिस्तान नहीं जाने की सलाह देते हैं क्योंकि वहां के हालात बेहद खतरनाक हैं। वहां अपहरण का गंभीर खतरा भी है।’ अफगानिस्तान में अपहरण की घटनाएं आम हैं। बीते कुछ महीनों में काबुल में अगवा किए गए तीनों विदेशियों को छोड़ दिया गया था। इनमें एक भारतीय महिला जूडिथ डीसूजा को पिछले महीने ही रिहा करवाया गया है।