अक्सर हमें भूख से एक रोटी कम खाने की सलाह दी जाती है। ऐसा इसलिए, ताकि हमारा पाचन तंत्र दुरुस्त बना रहे और शरीर सही तरीके से भोजन से पोषक तत्व अवशोषित कर पाए। हमारे शरीर में पाचन क्रिया में आंते अहम भूमिका निभाती हैं। भोजन से पौष्टिक तत्व अलग करना तथा विषाक्त तत्वों को बाहर का रास्ता दिखाना इनका महत्वपूर्ण काम होता है। अगर ये स्वस्थ न रहें तो हमारा पेट सही नहीं रहता। पाचन गड़बड़ हो जाता है। ऐसे में कई तरह के रोगों का खतरा बढ़ जाता है। आपनी आंतों तथा पाचन प्रक्रिया को दुरुस्त रखने के लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए, जानते हैं कि वे बातें क्या हैं –

1. भूख से एक रोटी कम ही खाएं। बहुत ज्यादा खाना आपकी आंतों को कमजोर बनाता है। इससे उनकी सक्रियता कम होती है और कई बीमारियों की आमद बढ़ जाती है।

2. खूब पानी पीना आपके पाचन के लिए सही होता है। यह शरीर के विषाक्त तत्वों को बाहर निकालता है। साथ ही आंतों को सेहतमंद भी रखता है। पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीना आंतों की सेहत के लिए सही नहीं है।

3. खाने में फाइबर युक्त फूड्स जरूर शामिल करें। यह आसानी से पच भी जाता है और आंतों को सक्रिय भी रखता है। फैट वाले फूड्स से बचें। इनसे कब्ज होने की संभावना होती है। सब्जियों, फलों और अनाजों में मौजूद फाइबर आंतों की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं।

4. मांसाहारी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। अगर आप भी मांसाहारी हैं तो लीन मीट खाएं। इससे आंत स्वस्थ रहते हैं। यह आसानी से पच भी जाते हैं। इनमें मौजूद पौष्टिक तत्व इम्यूनिटी मजबूत रखते हैं।

5. आंतों को स्वस्थ रखने के लिए आराम बेहद जरूरी है। आयुर्वेद के मुताबिक आंते सीधे मस्तिष्क से जुड़ी होती हैं। इन्हें सेहतमंद रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में आराम करें।