गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। हर दिन बढ़ते तापमान की वजह से जीना मुहाल है। ऐसे दिनों में घर से बाहर निकलना एक बड़ी चुनौती की तरह है। गर्मियों में घरों के अंदर भी गर्मी से राहत नहीं मिलती। ऐसे में आपके रसोईघरों में मौजूद कुछ चीजें इस समस्या से निपटने में आपकी मदद कर सकती हैं। हर घर में पाई जाने वाली इन चीजों में शरीर को आंतरिक ठंडक देने का गुण होता है। यह शरीर का तापमान कम कर गर्मियों के प्रभाव से राहत दिलाती हैं। गर्मियों में सादे पानी की बजाय इन चीजों को मिलाकर पानी पीने से काफी हद तक गर्मी से राहत मिलती है। तो चलिए जानते हैं कि वे चीजें कौन सी हैं और उनका इस्तेमाल कैसे करना है।
पुदीना – पुदीना ठंडक पहुंचाने का प्राकृतिक नुस्खा है। गर्मियों में यह कई तरह के ड्रिंक्स के साथ इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आप पानी के साथ भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पुदीने की एक टहनी अपने पानी की बोतल में डाल दीजिए। अब इस पानी का सेवन कीजिए। इससे आप अंदर से कूल महसूस करेंगे। सिर्फ इतना ही नहीं यह आपकी स्किन के लिए भी बेहतरीन नुस्खा है। यह गर्मियों में पसीने की वजह से होने वाले पिंपल्स को रोकने में मददगार होता है।
तुलसीदल – तुलसीदल शरीर के तापमान को कम रखने में कारगर है। ऐसे में गर्मियों में ठंडे बने रहने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए तुलसीदल को पानी में भिगो दें। आप इसके बीज को चाहे तो बाहर निकाल सकते हैं। गर्मियों में किसी भी ड्रिंक के साथ इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
खीरा – खीरा में 95 प्रतिशत पानी होता है। इसके अलावा यह कई तरह के मिनरल्स और विटामिन्स से भरपूर होता है। पानी की बोतल में खीरे के कुछ टुकड़े डाल दीजिए। गर्मियों में घर से बाहर निकलने से पहले इस पानी का सेवन कीजिए। इससे आपको अंदर से ठंडक मिलेगी।
सौंफ के बीज – सौंफ के बीज को रात भर पानी में भिगोकर रखिए। सुबह उठकर इसमें सेंधा नमक और शहद मिलाइए। इस मिश्रण का सेवन कीजिए। यह आपको आंतरिक शीतलता प्रदान करती है। इसके अलावा आप अपनी पानी की बोतल में भी सौंफ के कुछ बीज डाल सकते हैं।
नींबू – दिन की शुरुआत नींबू पानी के साथ करना सेहत के लिहाज से एक अच्छी आदत माना जाता है। गर्मियों में नींबू पानी न सिर्फ पाचन, स्किन संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है बल्कि इसके सेवन से गर्मी दूर भगाने में भी मदद मिलती है। यह आपकी किडनी के लिए भी सही होता है। वजन कम करने का इरादा रखने वाले लोग भी इसका सेवन कर सकते हैं।
