गर्मियों में लस्सी का मांग काफी बढ़ जाती है। तमाम एक्सपर्ट्स लोगों को गर्मियों में हाइड्रेट रहने की सलाह देते हैं। इसके लिए वे तरल पदार्थों के ज्यादा से ज्यादा मात्रा में सेवन करने पर जोर देते हैं। ऐसे में लस्सी लोगों के सबसे पसंदीदा पेय पदार्थों में से एक है। यह शरीर को अंदर से ठंडक प्रदान करती है। इसके अलावा यह कई तरह की सेहत संबंधी समस्याओं से दूर रखने में मददगार होती है। लस्सी में कैल्शियम, पोटैशियम, फॉस्फोरस जैसे न्यूट्रिएंट्स होते हैं जो शरीर को स्वस्थ्य रखने में मदद करते हैं। अगर आप प्लेन लस्सी नहीं पीना चाहते तो फ्रूट लस्सी आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।
पेट की समस्याएं रहें दूर – लस्सी पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसको पीने से फूड प्वॉइजनिंग जैसी समस्या होने की संभावना कम हो जाती है। यह हमारे खाने को पचाने में मदद करती है। इसका प्रोबायोटिक गुण बैक्टीरिया को खत्म करता है साथ ही कब्ज की समस्या भी नहीं होती।
हड्डियां करे मजबूत – बहुत से लोगों को दूध पीना पसंद नहीं होता। ऐसे में उनमें कैल्शियम की कमी की वजह से हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। ऐसे लोगों के लिए लस्सी बेहतरीन विकल्प है। इससे जहां एक ओर शरीर को भरपूर मात्रा में प्रोटीन मिलता है वहीं कैल्शियम भी इसमें प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इस वजह से आपकी हड्डियां तो मज़बूत होती ही हैं साथ ही ये मसल्स को मजबूत करने में भी मददगार होते हैं।
रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है – लस्सी पीने की वजह से आपकी इम्यूनिटी पावर भी बढ़ती है। लस्सी में मौजूद लैक्टिक एसिड और विटामिन डी आपकी इम्यूनिटी पावर को बढ़ाता है। इससे आप तमाम बीमारियों से बचे रहते हैं।
बालों के लिए भी – गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने तथा बीमारियों से दूर रखने के अलावा लस्सी आपके बालों के लिए बेहद फायदेमंद होती है। इसमें मौजूद विटामिन बी 12 बालों को सफेद होने से बचाता है। साथ बी ही लस्सी को बालों की कंडीशनिंग के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
ब्लड प्रेशर रखे नियंत्रित – अगर आपको हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है तो आप लस्सी का सेवन करना शुरू कर दीजिए। इसमें मौजूद पोटैशियम और राइबोफ्लेविन तत्व हाई ब्लड प्रेशर को नार्मल करने का काम करता है। इसके अलावा दही का प्रोबायोटिक गुण शरीर से कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को कम करता है। मेटबॉलिज्म भी लस्सी पीने की वजह से बढ़ने लगता है।

