गर्मियों के मौसम में तपती धूप और उमस परेशानी का कारण बनती हैं। गर्मी में डीहाइड्रेशन की समस्या भी आम होती है। इन सभी परेशानियों से बचने के लिए कोल्ड ड्रिंक्स या गन्ने के रस का सेवन किया जाता है। सभी जानते हैं कि गन्ने का रस सेहत के लिए फायदेमंद होता है। इसके अलावा जॉन्डिस जैसी घातक बीमारी से लेकर गर्भवती महिलाओं के लिए यह बेहतरीन पेय है। एनीमिया, कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से बचने के लिए भी गन्ने का रस काफी कारगर साबित होता है। लेकिन आज हम आपको गन्ने के रस से होने वाले नुकसान के बारे में बताते हैं। आइए जानते हैं गन्ने के रस के नुकसान और इसे कब पीना चाहिए।
पेट दर्द: अकसर जिन दुकानों पर गन्ने का रस दिया जाता है, वहां गन्नों की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता। रास्तों में खड़ी किसी भी दुकान से गन्ने का जूस न पीयें। ऐसी दुकानों से गन्ने का रस पीने से पेट में दर्द आदि समस्या भी हो सकती है।
संक्रमण का खतरा: गन्ने का जूस पीते वक्त दुकान की साफ सफाई का ध्यान रखें। कहीं दुकान में बहुत ज्यादा मक्खियां हुई तो ऐसी दुकानों से गन्ने का जूस पीने से बचें। इससे संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है।
वजन बढ़ना: गन्ने के जूस में काफी मात्रा में कैलोरी पाई जाती है, जिससे वजन बढ़ने का डर रहता है। इसलिए जो लोग अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते हैं उन्हें अधिक मात्रा में गन्ने के रस का सेवन नहीं करना चाहिए।
फूड पॉइजनिंग: जो लोग फ्रीज में रखे गन्ने का रस पीते हैं, उनके लिए यह फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। दरअसल, गन्ने का रस भी फ्रीज में रखी दूसरी सब्जियों की तरह ऑक्सिडाइज होने लगता है। इससे फूड पॉइजनिंग और पेट की अन्य समस्या होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए फ्रीज में रखे गन्ने के रस का सेवन नहीं करना चाहिए।

