डॉक्टरों को दूर रखने की कहावत वाला सेब अगर आपके जान का दुश्मन बन जाए तो? हम अक्सर सुनते आए हैं कि ऐन एप्पल अ डे, कीप्स डॉक्टर अवे। यह बात सही भी है। सेब पोषक तत्वों का भंडार होता है और इसे खाने से कई तरह की बीमारियों से निजात तो पाया ही जा सकता है, साथ ही तमाम तरह की बीमारियां आपसे दूर रहती हैं। लेकिन सेब खाते समय आपको खास सावधानी बरतने की जरूरत होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर आप सेब के साथ उसके बीज भी खा लेते हैं तो यह न सिर्फ आपकी सेहत के लिए हानिकारक है बल्कि यह जानलेवा भी हो सकता है।

दरअसल सेब के बीज में एमिग्डेलिन नाम का एक तत्व पाया जाता है। जब यह एमिग्डेलिन हमारे पाचक एंजाइम्स के संपर्क में आता है तो सायनाइड रिलीज करता है। सायनाइड हमारे शरीर के लिए बेहद हानिकारक होता है। अब आप सोच रहे होंगे कि आपने कई बार सेब के साथ उसके बीज खाए हैं, फिर भी आप जिंदा कैसे हैं? तो जान लीजिए कि कुछ सेब के बीज खाने से आपके शरीर में बनने वाला सायनाइड आपको ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सकता। लेकिन ज्यादा मात्रा में सेब के बीज खाना जानलेवा साबित हो सकता है।

सायनाइड को बेहत घातक जहर के तौर पर जाना जाता है। सिर्फ सेब ही नहीं कई अन्य फलों के बीजों में एमिग्डेलिन पाया जाता है। कम मात्रा में सेवन से इनके जानलेवा बनने की आशंका कम ही रहती है। लेकिन फिर भी ऐसे फलों का सेवन करते समय हमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। अगर आप बीज वाले फल खा रहे हैं तो कोशिश करें कि खाने से पहले उनके बीजों को बाहर निकाल लें।