ऐसे बहुत से लोग होते हैं जो दिन भर ऊंघते रहते हैं। उन्हें हर वक्त नींद आती रहती है। ऐसे में उनका काम तो प्रभावित होता ही है साथ ही लोगों के बीच उनकी छवि पर भी काफी बुरा असर पड़ता है। आमतौर पर हर कोई इसे आलस या व्यक्ति की सामान्य आदत मानकर इग्नोर कर देता है लेकिन ऐसा नहीं है। यह एक बीमारी भी हो सकती है। इन्सोम्निया या फिर डिप्रेशन की वजह से ऐसा हो सकता है। कई बार रात भर ठीक से सोने के बाद भी दिन में नींद आती है। आज हम आपको इसके पीछे की वजहों के बारे में बताने वाले हैं कि आखिर वे कौन सी वजहें हैं जिनके कारण आप दिन भर जम्हाइयां लेते रहते हैं।

इंसोम्निया – इंसोमनिया एक स्लीपिंग डिसऑर्डर है जिसमें नींद आने में दिक्कत होती है। इसमें व्यक्ति को रात में नींद आने में परेशानी होती है। ऐसे में जब आप रात भर सो नहीं पाते है तब आपके शरीर को पूरा आराम नहीं मिल पाता है और आपको हर समय नींद आती रहती है।

इडियोपैथिक हाइपरसोम्निया – इडियोपैथिक हाइपरसोमनिया एक कंडीशन है जिसमें व्यक्ति लंबे समय तक सोता रहता है। इस कंडीशन में व्यक्ति 10 घंटे से ज्यादा सो सकता है लेकिन यह नींद व्यक्ति को फायदा नहीं पहुंचाती है। इससे व्यक्ति को हर समय नींद आती रहती है और दोबारा सोने की इच्छा होती है।

डिप्रेशन- हमेशा नींद आते रहना, शरीर में ऊर्जा की कमी डिप्रेशन के संकेत होते हैं। जो लोग डिप्रेशन से ग्रसित होते हैं उनको नींद की समस्या रहती है।

स्लीप एपनिया- इस कंडीशन में व्यक्ति को खर्राटे, सांस लेने में दिक्कत जैसी कई समस्याएं होती हैं। यह चीजें शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा को भी कम कर देती है जिसकी वजह से आपको हमेशा नींद आती रहती है।

फाइब्रोमायल्जिया- फाइब्रोमायल्जिया की वजह से आप गहरी और अच्छी नींद नहीं ले पाते हैं। आपको नींद आने में दिक्कत होती है और कई बार आप आधी रात को नींद से उठ जाते हैं। जिसकी वजह से आपको 6-8 घंटे की नींद लेने में दिक्कत होती है।