अचार हमारी डाइट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। आम, नींबू, गाजर, लहसुन आदि कई तरह के अचार हम खाते हैं। भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए हम इसका खूब इस्तेमाल करते हैं। बहुत से लोग इसे हर रोज खाने के साथ लेते हैं जबकि कुछ लोग कभी-कभार इसका सेवन करते हैं। हर रोज खाने के साथ अचार खाना सेहतमंद नहीं होता है। कई रिसर्चर्स बताते हैं कि ज्यादा मात्रा में अचार का सेवन करने से गैस्ट्रिक कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है। अचार में काफी मात्रा में नमक का इस्तेमाल किया जाता है। यह ब्लडप्रेशर के मरीजों के लिए सही नहीं है। बाजार में जो अचार मिलते हैं उन्हें बनाने के दौरान उनके सभी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। ऐसे में वे हमें सिर्फ नुकसान ही पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा भी नियमित अचार खाने के ढेर सारे नुकसान होते हैं।
हाइपरटेंशन का खतरा – अचार में काफी मात्रा में नमक का इस्तेमाल होता है। नमक खाना अगर हमारे लिए जरूरी है तो ज्यादा नमक सेहत के लिए खतरनाक भी है। ज्यादा नमक खाने वालों को हाइपरटेंशन और दिल से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा होता है। इसके अलावा इससे वॉटर रिटेंशन की भी प्रॉब्लम हो जाती है
शरीर में सूजन – ज्यादा मात्रा में अचार खाने से शरीर में सूजन की समस्या भी हो सकती है। अचार में नमक का बहुत ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है जिसमें सोडियम पाया जाता है जो शरीर में सूजन पैदा करता है।
पेट की समस्याएं – रोज अचार खाने से आपका पाचनतंत्र भी प्रभावित होता है। अचार को बनाने में तेल का इस्तेमाल भी बहुत ज्यादा किया जाता है। इससे शरीर में ट्राइग्लिसराइड का स्तर बढ़ता है जो पेट से जुड़ी समस्याएं दे जाता है।
दिल की बीमारी – अचार को लंबे समय तक सही रखने के लिए और नमी से बचाकर रखने के लिए उसमें भरपूर मात्रा में तेल डाला जाता है। ये तेल कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का कारण हो सकता है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से दिल की बीमारियों का खतरा बहुत बढ़ जाता है। ये लीवर के लिए भी खतरनाक है।

