ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के दफ्तरों में आयकर विभाग की टीम ‘सर्वे’ के लिए पहुंची है। सीबीडीटी (Central Board of Direct Taxes) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि, “दिल्ली और मुंबई स्थित बीबीसी के कार्यालयों में तलाशी नहीं बल्कि सर्वेक्षण किए जा रहे हैं।”
एक अन्य अधिकारी ने बताया है कि वित्तीय लेनदेन से संबंधित अनियमितताओं की जांच के लिए टैक्स अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि आईटी की यह कार्रवाई बीबीसी द्वारा ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ नामक डॉक्यूमेंट्री प्रसारित किए जाने के कुछ सप्ताह बाद हुई है।
भारत सरकार ने डॉक्यूमेंट्री को प्रोपेगेंडा बताया और बीबीसी पर औपनिवेशिक मानसिकता रखने का आरोप लगाया था।
कौन हैं बीबीसी के मालिक?
बीबीसी की स्थापना 18 अक्टूबर, 1922 में एक प्राइवेट कंपनी के रूप में हुई थी। तब इसे ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के नाम से जाना जाता था। शुरुआत में बीबीसी को इस बिजनेस में खुद को साबित करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
1926 के आम हड़ताल के दौरान वह अपने कवरेज के दम पर ब्रिटिश आबादी का विश्वास जीतने में कामयाब हुआ। उसी वर्ष संसदीय समिति की एक सिफारिश के जरिए बीबीसी को निजी कंपनी से सार्वजनिक कॉरपोरेशन में बदल दिया गया। इसके साथ ही कंपनी की संसद के प्रति जवाबदेही तय कर दी गई लेकिन वह अपने काम को लेकर स्वतंत्र रहा।
बीबीसी की स्थापना जॉन रीथ (1889-1971) ने की थी। 1922 में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के रूप में स्थापित होने पर वह इसके पहले महाप्रबंधक थे और 1927 में सार्वजनिक निगम बनने पर वे इसके पहले महानिदेशक थे।
दूसरा विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश सरकार ने नाज़ी प्रचार तंत्र का मुकाबला करने के लिए दूसरी बार सूचना मंत्रालय बनाया था। तब सरकार ने जॉन रीथ को अपना सूचना मंत्री नियुक्त किया था। उनका काम यूरोप में हिटलर के खिलाफ प्रचार करना और ब्रिटिश जनता को युद्ध के लिए मानसिक तौर पर तैयार करना था।
कहां से आता है पैसा?
बीबीसी का अधिकांश फंडिंग वार्षिक टेलीविजन शुल्क के माध्यम से आता है। इसके अलावा ब्रिटेन की संसद भी ग्रांट के जरिए बीबीसी की फंडिंग करती है। बीबीसी की कमाई के अन्य स्रोतों में बीबीसी स्टूडियोज और बीबीसी स्टूडियोवर्क्स का नाम शामिल है।
भारत में कब हुई थी बीबीसी की शुरुआत?
भारत में बीबीसी की शुरुआत द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 11 मई 1940 को हुई थी। गौरतलब है कि इसी तारीख को विंस्टन चर्चिल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने थे। बीबीसी को भारत में शुरू करने का उद्देश्य भारतीय उपमहाद्वीप के सैनिकों तक खबर पहुंचाना था। बीबीसी हिंदी डॉट कॉम की शुरुआत साल 2001 में हुई थी।