एक-डेढ़ माह पहले की बात है। बुलंदशहर के ट्रांसपोर्ट नगर में एक सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि वह नारी सुरक्षा में सेंधमारी करने वालों को पाताल से भी खोज लाएंगे। 2017 में जब वह पहली बार सीएम बने थे तो उन्होंने कहा था कि अपराधी उत्तर प्रदेश छोड़ दें या अपराध छोड़ दें। लेकिन, आंकड़ों से लगता है कि यूपी में अपराध और अपराधी बने हुए हैं।
तीन दिसंबर को राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने ‘क्राइम इन इंडिया रिपोर्ट 2022’ (Crime in India Report 2022) शीर्षक से देश में हुए अपराध का वार्षिक डेटा जारी किया। इस रिपोर्ट में साल 2022 में हुए अपराधों का लेखा-जोखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश हत्या, बलात्कार,अपहरण, रेप के बाद हत्या, गैंगरेप और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामले में नंबर वन है।
2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश में
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले NCRB के मुताबिक, साल 2022 में उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 65743 मामले दर्ज हुए। यह देश के किसी भी राज्य की तुलना में सबसे अधिक है, साथ ही साल दर साल बढ़ा भी है। आंकड़ा यह भी बताता है कि ‘पाताल से अपराधियों को खोज लाने’ का दावा करने वाली सरकार 2021 तक लंबित सारे मामलों की जांच तक नहीं करा पाई। 2021 में यूपी में ऐसे 11732 केस की जांच पूरी नहीं हो पाई थी।
महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में टॉप पांच राज्य
राज्य | 2020 | 2021 | 2022 |
उत्तर प्रदेश | 49385 | 56083 | 65743 |
महाराष्ट्र | 31954 | 39526 | 45331 |
राजस्थान | 34535 | 40738 | 45058 |
पश्चिम बंगाल | 36439 | 35884 | 34738 |
मध्य प्रदेश | 25640 | 30673 | 32765 |
इसके अलावा यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13097 ऐसे मामले थे, जो सही तो थे लेकिन उसे साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले। 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 66936 ऐसे मामले रहे, जिन्हें पुलिस ने निपटा दिया। 10539 ऐसे मामले थे, जिनकी साल के अंत तक जांच पूरी नहीं हुई थी।
2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 50616 ऐसे मामले थे जिन्हें ट्रायल के लिए भेजा गया। 2021 के भी ट्रायल के 240921 मामले पेंडिंग है। इस तरह उत्तर प्रदेश में ट्रायल के लिए पेंडिंंग कुल 291537 मामले हैं। यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 421 ऐसे भी मामले रहे, जो ट्रायल के बिना ही खत्म कर दिए गए।
गैंगरेप में भी यूपी नंबर 1, रेप में राजस्थान के बाद दूसरे नंबर पर
बलात्कार के सबसे ज्यादा मामले राजस्थान और उसके बाद उत्तर प्रदेश में दर्ज हुए हैं। 2022 में राजस्थान में रेप के 5399 और उत्तर प्रदेश में 3690 मामले दर्ज हुए थे। रेप के बाद हत्या और गैंगरेप के मामले में यूपी नंबर वन है। वहां साल 2022 में इस तरह 92 मामले दर्ज हुए थे। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश (41) और तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र (22) है।
राज्य | रेप के मामले |
राजस्थान | 5399 |
उत्तर प्रदेश | 3690 |
मध्यप्रदेश | 3029 |
महाराष्ट्र | 2904 |
राज्य | गैंगरेप के मामले |
उत्तर प्रदेश | 62 |
मध्य प्रदेश | 41 |
महाराष्ट्र | 22 |
ओडिशा और असम</td> | 14 (प्रत्येक राज्य) |
दहेज हत्या में भी यूपी नंबर वन
दहेज के लिए हत्या के मामले में भी उत्तर प्रदेश एक नंबर है। वहां इसके 2138 मामले दर्ज हुए हैं। इस लिस्ट में 1057 मामलों के साथ बिहार दूसरे नंबर पर और मध्य प्रदेश (518) तीसरे नंबर पर है।
राज्य | दहेज हत्या |
उत्तर प्रदेश | 2138 |
बिहार | 1057 |
मध्य प्रदेश | 518 |
राजस्थान | 406 |
पति और रिश्तेदारों द्वारा महिलाओं के साथ मारपीट के मामले में भी उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। वहां एक साल में इस तरह के 20371 मामले दर्ज हुए थे। इस मामले में दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल (19650) और तीसरे नंबर पर राजस्थान (18847) है।
राज्य | पति और रिश्तेदारों द्वार अत्याचार |
उत्तर प्रदेश | 20371 |
पश्चिम बंगाल | 19650 |
राजस्थान | 18847 |
महाराष्ट्र | 11367 |
महिलाओं के अपहरण के मामले में भी यूपी टॉप पर है। एक साल में 14887 मामले दर्ज किए गए हैं। दूसरे नंबर पर बिहार और तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र है।
राज्य | महिलाओं के अपहरण के मामले |
उत्तर प्रदेश | 14887 |
बिहार | 10190 |
महाराष्ट्र | 9297 |
मध्यप्रदेश | 7960 |
हत्या के मामले भी यूपी टॉप पर
राज्य | 2020 | 2021 | 2022 |
उत्तर प्रदेश | 3779 | 3717 | 3491 |
बिहार | 3150 | 2799 | 2930 |
महाराष्ट्र | 2163 | 2330 | 2295 |
मध्य प्रदेश | 2101 | 2034 | 1978 |
पूरे देश में यूपी में सबसे ज्यादा क्राइम
राज्य | 2020 | 2021 | 2022 |
उत्तर प्रदेश | 657925 | 608082 | 753675 |
महाराष्ट्र | 539003 | 540800 | 557012 |
गुजरात | 699619 | 731738 | 524103 |
मध्यप्रदेश | 428046 | 475918 | 488966 |
तमिलनाडु | 1377681 | 756753 | 473456 |