टेस्ला के सीईओ और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) ने एक बार फिर ट्विटर को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। मस्क फिर से 44 अरब डॉलर (करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये) में ट्विटर को खरीदने की अपनी मूल योजना के साथ आगे बढ़ते रहे हैं। ट्विटर ने भी डील के एक्टिव होने की पुष्टि की है। मंगलवार की देर रात मस्क ने ट्वीट कर Twitter को खरीद Everything App बनाने की इच्छा व्यक्त की थी।

क्या होता है Everything App?

एलन मस्क जिसे Everything App कह रहे हैं, उसे सुपर ऐप भी कहा जाता है। यह एशिया में व्यापक रूप से लोकप्रिय है और दुनिया भर की टेक कंपनियां उसे अपनाने की कोशिश में हैं। सुपर ऐप एक ऐसा प्लेटफार्म होता है, जहां जरूरत के सभी सामान और सेवाएं उपलब्ध होती हैं। सुपर ऐप का इस्तेमाल मैसेजिंग ऐप, सोशल नेटवर्किंग ऐप, पेमेंट ऐप, शॉपिंग ऐप आदि के रूप में भी किया जा सकता है।

चीन में एक ऐसा ही ऐप है, जिसे वीचैट (WeChat) के नाम से जाना जाता है। इस चीनी सुपर ऐप के मासिक यूजर 1 बिलियन से अधिक हैं। वीचैट मैसेजिंग ऐप के तौर पर लॉन्च हुआ था। अब इसका इस्तेमाल पेमेंट्स, शॉपिंग, फूड ऑर्डरिंग, कैब सर्विसेस आदि के लिए भी किया जाता है। यह किसी बड़े मॉल की तरह भी होता हैं, जहां सभी ब्रांड्स की दुकानें होती हैं। आम तौर पर सुपर ऐप ऐसी कंपनियां बनाती हैं, जिन्हें अपने कई उत्पादों और सेवाओं को एक प्लेटफार्म पर लाना होता है।

Elon Musk क्यों बनाना चाहते हैं सुपर ऐप?

जून में ट्विटर कर्मचारियों के साथ एक सवाल-जवाब सत्र के दौरान मस्क ने कहा था, ”एशिया के बाहर वीचैट जैसा कोई सुपर ऐप नहीं है।’ मस्क इसे अवसर की तरह देखते हैं। वह अधिक टूल और सेवाओं को जोड़कर ट्विटर यूजर्स की संख्या 237 मिलियन से बढ़ाकर कम से कम एक बिलियन तक पहुंचाना चाहते हैं। पिछली बार की डील में ही यह बात सामने आयी थी कि मस्क ट्विटर पर डिजिटल पेमेंट की सर्विस लाना चाहते हैं।