Padmaavat Box Office Collection Day 12: संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत ने बॉक्स ऑफिस पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महज 11 दिनों में 200 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया। इस फिल्म ने देश में अब तक 212 करोड़ 50 लाख रुपए का कलेक्शन कर लिया है। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर मेन लीड में नजर आए हैं। इसको देखने के बाद दर्शकों ने फिल्म के एक्टर्स के साथ-साथ संजय लीला भंसाली की भी जमकर तारीफ की है। फिल्म में रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी के रूप में दर्शकों को प्रभावित करने में सफल रहे हैं। वहीं रानी पद्मावती के रूप में दीपिका ने भी सबका दिल जीता। शाहिद कपूर राजा रतन सिंह के रूप में दर्शकों को जंचे हैं। फिल्म में अदिति राव हैदरी की एक्टिंग अच्छी लगी है।

फिल्म के अब तक के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्विटर के जरिए दी है। फिल्म ने पहले हफ्ते में 166 करोड़ 50 लाख रुपए का कलेक्शन किया। वहीं दूसरे हफ्ते में फिल्म ने शुक्रवार को 10 करोड़ रुपए, शनिवार को 16 करोड़ रुपए, रविवार को 20 करोड़ रुपए और सोमवार को 7 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म ने अब तक 219.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म के अब तक के कलेक्शन को देखा जाए तो यह बहुत जल्द 250 करोड़ के आंकड़े को पार कर लेगी। रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की यह ऐसी पहली फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतने बड़े आंकड़े को पार किया हो।

25 जनवरी को लंबे विवाद के बाद बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो सकी इस फिल्म ने विरोध को झेलने के बाद भी टिकट खिड़की पर शानदार पकड़ बना रखी है। करणी सेना जहां इस फिल्म का शुरुआत से ही विरोध कर रही थी वहीं फिल्म देखने के बाद उन्होंने भी इसका विरोध बंद कर दिया है। फिल्म में राजपूतों की शान और शौर्य को संजय लीला भंसाली ने बेहद खूबसूरती के साथ पर्दे पर दिखाया है। इस फिल्म में दर्शकों को रणवीर सिंह पर फिल्माया गया गाना खलीबली काफी पसंद आ रहा है। गाने में रणवीर ने दमदार परफॉर्मेंस दी है।

https://www.jansatta.com/entertainment/