बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी की बेटी और एक्ट्रेस अथिया शेट्टी ने हाल ही में एक क्यूट सा वीडियो अपने सोशल अकाउंट पर शेयर किया है। अथिया ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने बचपन का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में अथिया अपने पापा सुनील शेट्टी के साथ डांस करती दिख रही हैं। लेकिन अथिया पापा के साथ जमीन पर खड़े होकर डांस नहीं कर रही हैं। दरअसल, अथिया पापा के कंधे पर बैठी हुई हैं और फिल्म ‘मेजर साहब’ के पॉपुलर सॉन्ग ‘सोणा-सोणा दिल मेरा सोणा’ में डांस कर रही हैं। अथिया और पापा सुनीश शेट्टी दोनों मिल कर गाने में खूब एंज्वॉय करते दिख रहे हैं।

वीडियो में सुनील शेट्टी बेटी के साथ सोफे पर बैठे होते हैं। जैसे ही गाना शुरू होता है पापा सुनील शेट्टी मस्ती के मूड में आ जाते हैं। वह अथिया का हाथ पकड़ कर उन्हें कंधे पर बैठा देते हैं। इसके बाद धीरे-धीरे खड़े होते हैं और गाने की बीट्स के साथ अथिया को कंधे पर बैठाकर डांस करना शुरू कर देते हैं। सुनील शेट्टी अथिया के दोनों हाथ पकड़कर उन्हें कभी लेफ्ट तो कभी राइट साइड में डांस कराते हैं। इस वीडियो को अथिया ने कैप्शन भी दिया है। इस वीडियो को पोस्ट कर अथिया लिखती हैं, ‘पिछली याद, एक और कैजुअल थर्स्डे नाइट विद @सुनील शेट्टी’।

अथिया द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को उनके फैंस ने बहुत पसंद किया। इस वीडियो को देख किसी ने अथिया को खूब सारा प्यार दिया तो किसी ने अपने कमेंट में लिखा, ‘यादगार पल।’ तो कुछ फैंस ने अथिया की इस वीडियो को देख हैरानी जताई कि वह हू-ब-हू ऐसी ही हैं। बचपन से लेकर अब तक उनमें कोई बदलाव नहीं आया है।

https://www.jansatta.com/entertainment/