विश्व हिन्दू परिषद् ने कमल हासन की नयी तमिल फिल्म ‘‘उत्तमा विलेन’’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए दावा किया है कि इससे हिन्दुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होंगी।

पुलिस से की गयी शिकायत में विहिप के शहर संयोजक सत्यमूर्ति ने कहा कि फिल्म में भगवान विष्णु के अवतारों की आलोचना की गयी है। उन्होंने कहा कि तमिल लोक गीत ‘‘विल्लुपत्तु’’ के रूप में गाये गए गीत ‘‘उदिरथिन कथई’’, में विष्णु भक्त प्रहलाद और उसके पिता हिरण्यकश्यप के बीच संवाद है जिसमें भगवान विष्णु के संबंध में अपमानजनक टिप्पणियां की गयी हैं।

उन्होंने कहा, इसलिए फिल्म प्रसारित करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। रमेश अरविन्द के निर्देशन में बनी यह फिल्म जल्दी ही रिलीज होने वाली है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।