वरुण धवन और नताशा दलाल की शादी ने कई दिनों तक खूब सुर्खियां बटोरीं। 24 जनवरी 2021 को दोनों ने अलीबाग के द मेंशन हाउस में सात फेरे लिए थे। शादी की तस्वीरें अभी तक सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। इसी बीच वरुण धवन अपनी पत्नी नताशा के साथ अपने नए घर में शिफ्ट हो रहे हैं। अभिनेता अनुपम खेर ने वरुण धवन के घर का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनके खूबसूरत घर की झलक मिल रही है।
अनुपम खेर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये कड़ी मेहनत का फल है। अनुपम खेर ने यह भी लिखा है कि वरुण की मां लाली धवन ने घर का इंटीरियर डिजाइन किया है। वीडियो में वरुण धवन अपना घर दिखाते नजर आ रहे हैं। वरुण अपना लिविंग रूम, बेड रूम, वर्क डेन, हॉल, क्लोसेट, गेस्ट रूम आदि जगहों को वीडियो में दिखा रहे हैं। वरुण धवन अपने फिटनेस को लेकर काफ़ी सजग रहते हैं और इसी कारण उन्होंने अपने घर में एक जिम भी बनवाया है।
वरुण धवन का घर काफी सुंदर दिख रहा है। घर को कोज़ी लुक देने के लिए प्लश लेदर चेयर और डार्क वुड फर्निशिंग की गई है। वरुण धवन ने इस घर को 2017 में खरीदा था। यह घर उनके मम्मी- पापा के घर के पास ही है। वरुण धवन ने करीना कपूर के रेडियो शो, व्हाट वीमेन वांट में अपने नए घर का जिक्र किया था।
उन्होंने बताया था कि दोनों ही इस घर में लिव इन रिलेशनशिप में रहना चाहते थे। नताशा के पैरेंट्स को भी इससे आपत्ति नहीं थी। वरूण ने बताया कि उनके पैरेंट्स चाहते थे कि वो शादी कर लें। वरुण शादी से पहले भी अपने माता- पिता के पास नहीं रहते थे। अब उन्होंने शादी कर ली है तो वो नताशा के साथ अपने घर में शिफ्ट हो रहे हैं।
वरुण और नताशा के लव स्टोरी की बात करें तो, दोनों एक दुसरे को क्लास 6 से जानते हैं। 11 वीं क्लास में वरुण नताशा को चाहने लगे थे लेकिन नताशा उन्हें बस अपना दोस्त समझती थीं। वरुण ने बताया है कि नताशा ने उन्हें 3 से 4 बार रिजेक्ट किया लेकिन बाद में वो मान गईं थीं।
