बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राज कपूर (Raj Kapoor) की आज पुण्यतिथि है। राज कपूर अपनी अदाकारी और निर्देशन के लिए जाने जाते थे। उन्होंने हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक क्लासिक फिल्में दी हैं। एक वक्त पर फिल्मी गलियारों में उनके और जानी-मानी एक्ट्रेस नरगिस के प्यार के किस्से भी खूब मशहूर हुए थे। दोनों ने साथ मिलकर तकरीबन 16 फिल्मों में काम किया और दर्शकों ने उनकी जोड़ी को खूब सराहा। एक साथ काम करने के दौरान ही दोनों को प्यार हुआ। कहा जाता है कि राज कपूर नरगिस से शादी करना चाहते थे, लेकिन वो पहले से शादी-शुदा थे। इस वजह से उनके पिता पृथ्वीराज कपूर इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे।

नरगिस भी राज कपूर के प्यार में इस कदर डूबी थीं, कि शादी करने का कोई रास्ता निकालने के लिए वह उस वक्त के गृहमंत्री मोरारी जी देसाई के पास गई थीं। लेकिन दोनों की शादी नहीं हो सकी। कहा जाता है कि जब नरगिस की शादी अभिनेता सुनील दत्त के साथ हुई, तब राज कपूर फूट फूट कर रोए थे। नरगिस की शादी से वो इतना बेचैन थे कि कई बार बाथटब में लेट कर जोर-जोर से चीखा-चिल्लाया करते थे। नरगिस की शादी के बाद राज कपूर का नाम फिल्म अभिनेत्री वैजयंती माला के साथ भी जुड़ा था। जब राज कपूर की पत्नी उन्हें छोड़कर चली गईं, तो वो वैजयंती माला ही थीं, जो उन्हें वापिस लेकर आईं और वादा किया की वो राज के साथ काम नहीं करेंगी।

11 साल की छोटी सी उम्र में ही फिल्मों में काम करने वाले राज कपूर के ‘शोमैन’ बनने से पहले का किस्सा भी बड़ा दिलचस्प है। एक बार जब राज कपूर अपने शुरुआती दिनों में फिल्म के सेट पर क्लैपर बॉय हुआ करते थे, तब उन्हें फिल्ममेकर केदार शर्मा ने जोरदार ‘थप्पड़’ जड़ दिया था। लेकिन वो राज ही थे जिन्होंने उन्हें पलट कर जवाब देने की जगह शांत रहकर गलती मान लेना स्वीकार किया। उनकी इस तहज़ीब से केदार शर्मा काफी इंप्रेस हुए और उन्होंने बतौर मुख्य अभिनेता राज कपूर को फिल्म ‘नीलकमल’ में ब्रेक दिया।

इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1948 में उन्होंने डायरेक्शन में हाथ आज़माया। फिर एक के बाद एक शानदार फिल्में देने का सिलसिला शुरू हुआ। राज कपूर ने अपने फिल्मी करियर में ‘बरसात, अंदाज, जान-पहचान,प्यार, आवारा अनहोनी, आशियाना, आह, धुन, पापी, श्री 420, जागते रहो, चोरी चोरी, जोकर, जैसी जबरदस्त फिल्में दी।

भारत के अलावा रूस, अफ्रीका, इंग्लैंड समेत तमाम देशों में उनके प्रशंसक हैं। राज कपूर गायक मुकेश को अपनी आवाज़ बताया करते थे। मुकेश के निधन पर राज ने कहा था, मैंने अपनी आवाज़ खो दी। दोनों ने साथ मिलकर कई सुपरहिट गानें दिये थे। 14 दिसंबर 1924 को जन्में राज कपूर 2 जून 1988 को 63 वर्ष की उम्र में दुनिया को छोड़कर चले गए थे।