The Kapil Sharma Show में इस हफ्ते अभिनेत्री करिश्मा कपूर अपने पिता रणधीर कपूर के शामिल हुईं थीं। शो में रणधीर कपूर ने कई फ़िल्मी किस्से सुनाए। ऐसा ही एक किस्सा रणधीर कपूर सुनाते दिखे जब राजकुमार उनके घर किसी पार्टी में आए थे लेकिन उन्होंने ‘शो मैन’ राज कपूर (रणधीर कपूर के पिता) के घर का बाथरूम इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया था।
शो के दौरान कपिल शर्मा ने रणधीर कपूर से राज कपूर के घर की मशहूर होली पार्टी के बारे में पूछा, ‘आरके स्टूडियो की होली में तो पूरी फिल्म इंडस्ट्री आती थी न? राजकुमार साहब भी आते होंगे?’ जवाब में रणधीर कपूर ने बताया, ‘जी हां! वो (राजकुमार) एक दिन हमारे घर आए। महफ़िल चल रही थी और उन्होंने मुझे बुलाया कि इधर आओ….मैं बाहर जाना चाहता हूं। मैंने पूछा क्यों?’
रणधीर कपूर ने आगे कहा, ‘उन्होंने बताया कि टॉयलेट जाना जाना है। मैंने कहा बाथरूम है न आइए।’ रणधीर कपूर ने बताया कि राजकुमार ने बाथरूम इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया और अपन चिर परिचित अंदाज़ में कहा था, ‘राज कपूर एक राजा है और हम भी एक राजा हैं। राज कपूर के घर में आकर पेशाब करना उसकी तौहीन होगी। हम बाहर जाकर करेंगे।’
राज कपूर पर बात करते हुए ही कपिल शर्मा ने रणधीर कपूर से पूछ लिया कि उनके पिता रोमांटिक सीन करते वक़्त सेट से उन्हें पैसे देकर चलता कर देते थे या उनके सामने ही शूट करते थे? जवाब में रणधीर कपूर ने कहा कि राज कपूर उनके सामने ही शूट करते थे। वो बस एक्टिंग है जो उन्होंने भी किया। वो बोले, ‘ये तो एक्टिंग है। ऐसे मैंने डेढ़ हज़ार रोमांटिक सीन किए। कईयों के साथ मैं सचमुच वो करना चाहता था और कईयों के साथ बिलकुल नहीं करना चाहता था।’
इसी दौरान करिश्मा कपूर ने बताया कि कपूर परिवार में शाम को सजने वाली महफ़िल का सभी को बेसब्री से इंतजार रहता है। कपूर परिवार में सबसे फूडी कई है? पूछने पर करिश्मा ने रिद्धिमा कपूर और नीतू कपूर का नाम लिया। वहीं रणधीर कपूर ने कहा कि कपूर परिवार में सभी लोग खाने पीने में आगे हैं।