The Kapil Sharma Show से देशभर में मशहूर हुए कॉमेडियन कपिल शर्मा का शो देख सभी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। उनके शो में कई ऐसे दर्शक आते हैं जिन्होंने ये बताया है कि कपिल के शो ने उन्हें मुश्किल वक्त से निकाला। लेकिन अपनी कॉमेडी से सबको खुश कर देने वाले कपिल शर्मा एक बार खुद डिप्रेशन का शिकार हो गए थे। जब साल 2017 में आई उनकी फिल्म फिरंगी फ्लॉप रही तो वो बेहद निराश हुए थे। उसी दौरान एक पत्रकार से उनका विवाद हो गया था जिसके बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं थीं। इस बात का खुलासा कपिल शर्मा शो में कपिल की बुआ का किरदार निभा चुकीं उपासना सिंह ने किया था।
उपासना सिंह ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि कपिल शर्मा को बहुत टेंशन हो गई जिस वजह से उनके शो पर भी असर पड़ा था। उन्होंने बताया था, ‘कपिल की फिल्म में दिक्कत आ गई। शो इतना नहीं चला जबकि पहला शो हिट था। फिर झगड़े हो गए। वो प्रेशर में आ गया। चीज़ों को संभाल नहीं पाया। वो शारीरिक और मानसिक परेशानी में चला गया। वो डिप्रेशन में चला गया। इतनी टेंशन के कारण उसे ये फेज देखना पड़ा है।’
उपासना सिंह ने स्पॉटबॉय के एडिटर विक्की लालवानी और कपिल शर्मा के बीच हुए पूरे विवाद पर भी राय दी थी। उन्होंने कहा था, ‘कपिल दिल का साफ है, जो उसके दिल में है, कह देता है। उसे गुस्सा, तकलीफ छुपाना नहीं आता इसलिए शायद कपिल को बहुत सी तकलीफों का सामना करना पड़ता है। वो इंसान है, भगवान नहीं, बार- बार उसे बुरा कहेंगे तो गुस्सा तो आएगा ही और गुस्से में अक्सर लोग अपना आपा खो देते हैं।’
आपको बता दें कि विक्की लालवानी ने कपिल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी फिल्म फिरंगी के बारे में लिखे जाने पर उन्हें गालियां दी थीं। कपिल और विक्की के बीच की बातचीत का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें कपिल शर्मा विक्की को गालियां दे रहे थे। विक्की ने इसके बाद कपिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज़ कराई थी।
कपिल शर्मा इससे पहले अपने को एक्टर रहे सुनील ग्रोवर के साथ भी उलझ गए थे। दोनों के बीच झगड़े के बाद सुनील ग्रोवर ने कपिल शर्मा शो छोड़ दिया था।