टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्‍टा चश्‍मा'(Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) की दिनों दिन लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के जेठालाल शो के सबसे अहम किरदारों में से एक हैं। शो के चाहने वाले  बबीता जी के साथ जेठालाल के फ्लर्ट को खूब एन्जॉय करते हैं। वहीं बबीता जी के पति अय्यर और जेठालाल के बीच की खटपट भी लोगों को खूब रास आती हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि अय्यर का किरदार करने वाले तनुज महाशब्दे पहले शो से बतौर राइटर जुड़े हुए थे। यानी तनुज महाशब्दे शो के राइटर्स में से एक थे।

अय्यर यानी तनुज महाशब्दे शो में बबीता जी के पति कैसे बने इसका किस्सा भी काफी दिलचस्प है। तनुज महाशब्दे को अय्यर का रोल दिलीप जोशी की वजह से मिला। दरअसल सेट पर शूटिंग के दौरान तनुज महाशब्दे किसी सीन को लेकर मुनमुन दत्ता यानी बबीता जी से बात कर रहे थे। तब दिलीप जोशी की नजर उनपर पड़ी। उन्होंने दोनों की बातचीत को गौर से देखा और फिर मेकर्स को शो में तनुज और मुनमुन को पति-पत्नी के रूप में कास्ट करने का सुझाव दिया। तब से दोनों स्क्रीन पर पति पत्नी के रूप में दिखाई देते हैं।

गौरतलब है कि शो में दक्षिण भारतीय का किरदार निभाने वाले तनुज महाशब्दे मूल रूप से महाराष्ट्रियन हैं, न कि दक्षिण भारतीय। वहीं मुनमुन दत्ता ( बबीता जी) की बात करें तो शो का हिस्सा तब बनीं जब वह मात्र 20 साल की थीं। वह बड़ों का रोल निभाने वाले सभी किरदारों में सबसे कम उम्र की सदस्य हैं। उन्हें शो में अय्यर की पत्‍नी के रूप में लोग खूब पसंद करते हैं।

बता दें कि दिलीप जोशी और  मुनमुन दत्ता तारक मेहता का उल्टा चश्मा से पहले भी एक शो में नजर आए थे। बबीता और जेठा लाल शो ‘हम सब बाराती’ में साथ दिखे थे। यह शो साल 2004 में प्रसारित होता था। इसके बाद साल 2008 में दोनों ‘तारक मेहता…’ का हिस्सा बन गए। तब से बबीता जी के साथ जेठालाल ऑनस्क्रीन फ्लर्ट कर रहे हैं।