Ramayan: रामानंद सागर की रामायण जब से दूरदर्शन पर फिर से शुरू हुई है। तब ही से इस धार्मिक सीरियल ने टीआरपी के कई रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। कोरोनावायरस जैसी गंभीर संक्रमण के चलते लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। सरकार द्वारा इस महामारी से बचने के लिए लॉकडाउन किया गया है। वहीं इस दौरान दर्शकों के मनोरंजन के लिए टीवी पर रामायण का प्रसारण किया जा रहा है। इस धारावाहिक के सबसे लोकप्रिय राम का किरदार निभाने वाले एक्टर यानी अरुण गोविल ने शो के वक्त का एक किस्सा सुना कर सभी को हैरान कर दिया।
दरअसल बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में अरुण गोविल ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि, ‘एक बार मैं सेट पर टी-शर्ट पहने बैठा था। तभी वहां एक महिला आई और लोगों से श्री राम कहां हैं ये पूछने लगी, उसकी गोद में एक बच्चा भी था। जिसके बाद सेट के लोगों ने उसे मेरे पास भेज दिया, मेरे पास आने के बाद वो पहले तो मुझे देखती रही फिर उसने अपना बच्चा मेरे पैरों में रख दिया और मुझसे कहा कि मेरा बच्चा बहुत बीमार है इसे बचा लीजिए।’ बकौल अरुण ‘मैं ये देख कर बहुत घबरा गया और मैंने उनसे कहा ये क्या कर रही हैं आप मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता आप इसे डॉक्टर के पास ले जाइए इसके बाद मैंने महिला को कुछ पैसे दिए और वो चली गई।’
अरुण बताते हैं ‘इस घटना के तीन दिन बाद वो महिला एक बार फिर आई और बच्चा भी साथ में था और वो स्वस्थ लग रहा था। जिसके बाद मैंने जान लिया की परमेश्वर से अगर कुछ भी सच्चे मन से मांगों तो वो उसे जरूर पूरा कर देते हैं। जब वो महिला बीमारी की हालत में उस बच्चे को लेकर मेरे पास आईं थीं तब मैंने उस बच्चे के उज्जवल स्वास्थ्य की कामना की थी।’
रामायण में अरुण ने जिस ढंग से प्रभु श्री राम के कैरेक्टर को चरितार्थ किया था। वो काफी अद्भुत था उनके माथे पर वो ठंडा चंदन तिलक चेहरे पर तेज और कांधे पर धनुष बाण देख लगता था मानों भगवान ही सचमुच धरती पर उतर आए हैं। इसी लिए उन्हें देख कर हर कोई उनके पैर छूने के लिए दौड़ पड़ता था।
