‘एमएस धोनी – द अनटोल्ड स्टोरी’ फेम क्रांति प्रकाश झा जल्द ही स्वामी रामदेव का किरदार निभाते नजर आएंगे। जी हां, स्वामी रामदेव पर बनने वाली यह एक टीवी सीरीज होगी। यह शो जल्द ही डिस्कवरी जीत पर प्रसारित किया जाएगा। शो में क्रांति कई तरह के कठिन योगा आसन करते दिखेंगे। ‘स्वामी रामदेव- एक संघर्ष’ एक इंस्पिरेश्नल स्क्रिप्टेड बायोपिक है। इस शो को वॉटरेज प्रोडक्शन संग अजय देवगन को-प्रोड्यूड कर रहे हैं। इस शो को लेकर अजय देवगन कहते हैं, ‘स्वामी रामदेव-एक संघर्ष’ में सबसे चर्चित शो बनने की क्षमता है।
अजय आगे कहते हैं, ‘इस रोल के लिए हम एक नए चेहरे को ढूंढ रहे थे जो कि स्वामी जैसे दिखते हों। एक रियल लाइफ लेजेंड के किरदार को निभाना बिलकुल भी आसान काम नहीं है। मैं खुश हूं कि क्रांति इस काम को बेहतरीन तरीके से करने के लिए तैयार हैं।’ वहीं प्रसिद्ध योग गुरू स्वामी रामदेव का कहना है, ‘क्रांति की याद करने की क्षमता कमाल है। वह श्लोक याद करके जैसे बोल रहे हैं मैं उनसे प्रभावित हूं। मैं उनके साथ सुबह के वक्त योगा सेशन करना बहुत पसंद कर रहा हूं। वह सही योगासन करने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं।’क्रांति प्रकाश का कहना है, ‘इस किरदार को पर्दे पर उतारना मेरे लिए बहुत बड़ा चैलेंज है। मैं अपने लेवल पर इसे बेस्ट करने की कोशिश करूंगा। ‘
बता दें, क्रांति साल 2016 में फिल्म ‘एमएस धोनी – द अनटोल्ड स्टोरी’ में एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। फिल्म में क्रांति धोनी के दोस्त संतोष का किरदार निभाते नजर आए थे।


