मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह कुछ दिन कपिल शर्मा शो से गायब रहने के बाद वापसी को तैयार हैं। भारती सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। मुंबई फिल्म सिटी से शेयर की गई तस्वीरों में उन्होंने लाल रंग की सलवार कमीज़ पहन रखी है। भारती ने इस पोस्ट के साथ यह जानकारी दी कि वो कपिल शर्मा शो के लिए शूट कर रही हैं।

भारती ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘लाल दो दिलों को जोड़ने का रंग है। #kapilsharmashow हर शनिवार, रविवार 9:30 बजे @sonytvofficial.’ आपको बता दें कि ड्रग्स मामले में भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबचिया की गिरफ्तारी के बाद लोग यह अटकलें लगा रहे थे कि भारती सिंह को कपिल शर्मा शो के मेकर्स शो से बाहर कर देंगे। अफवाहें ऐसी भी थीं कि भारती को शो से बाहर निकाल दिया गया है।

भारती सिंह जब गिरफ्तार हुईं थीं तब लोगों ने कपिल शर्मा शो को भी आड़े हाथों लिया था कि अब हंसाने के लिए भी ड्रग्स की ज़रूरत है। ज्ञात हो कि एनसीबी की छापेमारी में भारती के घर से 86.5 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। इसी कारण कुछ लोग तो शो के बॉयकॉट की मांग तक कर रहे थे। इन्हीं सब वजहों से भारती सिंह को लेकर ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि अब वो शो में नहीं दिखेंगी। हालांकि उनके को – कॉमेडियंस ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि मेकर्स की तरफ से ऐसी घोषणा नहीं हुई है कि भारती सिंह को शो से निकाला गया है।

 

कपिल शर्मा शो के कलाकार कृष्णा अभिषेक ने कहा था कि उनके शो छोड़ने की खबरें महज़ अफवाह हैं। मेकर्स ने ऐसा कुछ नहीं कहा है और अगर भारती को शो से निकाला भी जाता है तो वो भारती को सपोर्ट करेंगे। कपिल शर्मा और भारती के बीच भी काफी करीबी रिश्ता है। दोनों शो से पहले से एक – दूसरे को जानते हैं और काफी अच्छे दोस्त हैं।

बहरहाल, भारती सिंह अपने अलग – अलग मज़ेदार किरदारों से दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि कपिल शर्मा शो पर भारती एक बार फिर अपने फैन्स का दिल कैसे जीतती हैं।