टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अपनी एक्टिंग से इतर दिव्यांका त्रिपाठी कई बार अपनी सोशल मीडिया पोस्ट और बेबाक अंदाज को लेकर भी चर्चा में आ जाती हैं। वहीं, हाल ही में एक सोशल मीडिया यूजर ने दिव्यांका त्रिपाठी से उनके पहनावे को लेकर सवाल किया, जिसपर एक्ट्रेस ने भी यूजर को करारा जवाब में देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दिव्यांका त्रिपाठी ने यूजर से कहा कि कृप्या अपनी नीयत सुधारें।

दरअसल, एक यूजर ने दिव्यांका त्रिपाठी से ट्विटर पर सवाल किया, “क्राइम पेट्रोल में आप दुपट्टा क्यों नहीं पहनती हैं?” यूजर के इस सवाल पर एक्ट्रेस भड़की हुई नजर आईं और उन्होंने करारा जवाब देते हुए लिखा, “ताकी आप जैसे बिन दुपट्टे की लड़कियों को भी इज्जत से देखने की आदत डालें।”

दिव्यांका त्रिपाठी यही नहीं रुकीं। उन्होंने यूजर को जवाब देते हुए आगे लिखा, “कृप्या खुद की और अपने आसपास के लड़कों की नीयत सुधारें, न कि औरत जात के पहनावे का बेड़ा उठाएं। मेरा शरीर, मेरी आबरू, मेरी मरजी। आपकी शराफत आपकी मर्जी।” अपने इस ट्वीट को लेकर दिव्यांका त्रिपाठी सुर्खियों में आ गईं।


एक यूजर ने दिव्यांका त्रिपाठी के इस ट्वीट पर कमेंट करते हुए लिखा, “अरे मैडम जी घनश्याम जी की आपने बैंड बजा दी, सीधा नीयत पर ही सवाल उठा दिया। क्या मालूम आपके फैन हों और आप उनको दुपट्टे के साथ अच्छी लगती हों।” दिव्यांका त्रिपाठी इस कमेंट का भी जवाब देने से पीछे नहीं हटीं।

दिव्यांका त्रिपाठी ने यूजर का जवाब देते हुए लिखा, “जी संभव है। यदि वह फैन हैं तो उस प्रेम को सलाम। पर महिलाओं के परिधान पर सवाल करना अब पुरातन काल की बात हो गई है। हम अभिनय, विज्ञान, राजनीति, इतिहास, भुगोल कई विषयों पर चर्चा कर सकते हैं। दुपट्टा अत्यंत तुच्छ विषय है उस मुकाबले।”

दिव्यांका त्रिपाठी के करियर की बात करें तो इन दिनों वह ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ के लिए दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में मौजूद हैं। इस शो से इतर एक्ट्रेस ने सबसे ज्यादा पहचान ‘बनुं मैं तेरी दुल्हन’ और ‘ये हैं मोहब्बतें’ से बनाई है। इसके अलावा दिव्यांका त्रिपाठी ‘क्राइम पेट्रोल’ और ‘नच बलिए 8’ में भी नजर आ चुकी हैं।