“इनको आता ही नहीं…, जिंदगी बर्बाद हो गया”। द कपिल शर्मा शो में सुनील ग्रोवर ने गुत्थी और रिंकू देवी के किरदारों में इन्हीं बातों से लोगों को खूब हंसाया। लेकिन इन्हीं महिला करिदारों की वजह से एक बार सुनील ग्रोवर के बेटे की खूब हंसी उड़ाई गई थी। जिसके बाद उसने परेशान होकर अपने पापा को महिला किरदार करने से मना कर दिया था।
इस पूरे वाकए का जिक्र खुद सुनील ग्रोवर ने अपने एक इंटरव्यू में किया था। सुनील ग्रोवर ने कहा कि 6 साल का मेरा बेटा मोहन है। आज से दो तीन साल पहले जब गुत्थी बहुत हिट था तो उसको कुछ लड़के बिल्डिंग में चिढ़ाते थे। उसे चिढ़ाते हुए कहते- तेरे पापा तो लड़की बनते हैं। सुनील ग्रोवर ने कहा कि वह परेशान होकर एक दिन मेरे पास आया और कहा, पापा वो लड़की वाला मत किया करो। सुनील ग्रोवर ने वजह पूछी। बेटे ने बस कहा कि नहीं मत किया करो। सुनील ग्रोवर ने बिल्डिंग में पता लगाया तो पता चला कि कुछ लड़कों ने उससे कुछ कहा है।
सुनील ग्रोवर पूरे मामले को समझ गए। और फिर एक दिन बेटे को लेकर मॉल गए। मॉल में ‘गुत्थी’ को देखकर लोगों की वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और सुनील के साथ फोटो खिंचाने लगे। सुनील बताते हैं कि उस मॉल की घटना से उसे कहीं ना कहीं एहसास हुआ। तो मैंने उससे कहा कि इतने सारे लोगों के चेहरे पर हम लोग हंसी लाते हैं। ये अच्छी चीज है।
महिला किरदार करने को लेकर सुनील ग्रोवर ने कहा था कि उन्हें गर्व महसूस होता है। कॉमेडियन बनना बहुत मुश्किल होता है और इससे भी मुश्किल होता है लोगों को हंसाना। और हंसाना पुण्य का काम होता है। तो मुझे लगता है कि कॉमेडियन संत के आस-पास होता है। सुनील ग्रोवर ने कहा कि उन्हें टीवी करके बहुत मजा आता है।
गौरतलब है कि सुनील ग्रोवर इन दिनों अपने आगामी टीवी शो गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान को लेकर चर्चा में हैं। यह शो जल्द स्टार भारत पर लॉन्च होने वाला है। ये उनका टीवी पर कमबैक शो है। इसमें सुनील ग्रोवर के साथ शिल्पा शिंदे भी कॉमेडी का तड़का लगाती नजर आएंगी। हाल ही में जारी हुआ शो का प्रोमो लोगों को काफी पसंद आया।