Stree Quick Movie Review: राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर फिल्म ‘स्त्री’ 31 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में श्रद्धा और राजकुमार के अलावा अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बनर्जी और पंकज त्रिपाठी भी हैं। अमर कौशल के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक हॉरर कॉमेडी है। फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म की कहानी चंदेरी गांव की है। जहां आए दिन गांव के मर्द वहां रहस्यमयी तरीके से लापता होते रहते हैं। ऐसे में क्या ‘स्त्री’ है… जो इन मर्दों को उस गांव से गायब कर रही है। आखिर वह क्या चाहती है.. फिल्म में यह रहस्य है।

फिल्म की कहानी में राजकुमार एक टेलर बने हुए हैं। फिल्म में उन्हें एक ऐसी लड़की मिलती है जो सिर्फ एक खास वक्त में ही उनसे मिलने आती है। लड़का लड़की से प्यार कर बैठता है। लेकिन लड़के के दोस्तों को आभास होता है कि लड़की साल में सिर्फ एक बार मिलने आती है, वह भी खास वक्त में। श्रद्धा इस फिल्म में रहस्य से भरी वह महिला का किरदार निभा रही हैं। यह महिला अपने खास (राजकुमार) से मिलने साल में सिर्फ एक बार आती है जब गांव में खास पूजा होती है। ऐसे में उसके दोस्त उसे समझाते हैं कि उसकी गर्लफ्रेंड भूतिया है। अब लड़का यह जानने के बाद कैसे डील करता है और भूत के आगे रिएक्ट करता है फिल्म में दिखाया गया है।

बता दें, श्रद्धा ने जब अपनी इस फिल्म के ट्रेलर को सोशल मीडिया पर शेयर किया था तो उन्होंने इसे खास कैप्शन दिया था। फिल्म के ट्रेलर को ट्वीट करते हुए श्रद्धा ने लिखा था- ‘आज तक मर्द स्त्री के पीछे भागते थे, अब वो हर मर्द को दर्द देगी। बच पाओगे तुम?’