बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त, 1963 को मीनमपट्टी में हुआ था। उन्होंने बहुत छोटी सी उम्र में ही फिल्मी दुनिया में कदम रख दिया था। बॉलीवुड के साथ-साथ श्रीदेवी ने तमिल, तेलुगू, और मलयालम फिल्मों में भी काम किया था। 2 जून, साल 1996 में श्रीदेवी ने बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी की थी। कहा जाता है कि बोनी कपूर, श्रीदेवी से एकतरफा प्यार करते थे। लेकिन जब बोनी कपूर ने श्रीदेवी को अपने दिल की बात बताई थी तो एक्ट्रेस बुरी तरह से भड़क गई थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने बोनी कपूर से करीब आठ महीनों तक बात भी नहीं की थी।

श्रीदेवी से जुड़ी इस बात का खुलासा खुद बोनी कपूर ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में किया था। दरअसल, एक वक्त पर बोनी कपूर अपने दोस्त और उसकी पत्नी के साथ चेन्नई में मौजूद थे और इस बीच श्रीदेवी व उनकी मां बोनी कपूर से लंच पर मिलने वाली थीं।

बोनी कपूर ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा था, “लेकिन श्रीदेवी की मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे वह लंच पर नहीं आ पाई थीं। उस स्थिति के कारण ऐसा पहली बार हुआ था जब श्रीदेवी ने किसी परिवार के सदस्य के बिना ही बाहर कदम रखा था।”

लंच के बाद बोनी कपूर बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी को उनकी मां के घर पर छोड़ने गए थे। इसी दौरान बोनी कपूर ने श्रीदेवी से अपने दिल की बातें बयां कीं, लेकिन उनका प्रपोजल सुनते ही एक्ट्रेस बुरी तरह भड़क गईं। बोनी कपूर ने इस बारे में आगे कहा, “उसके बाद से ही उन्होंने मुझसे करीब छह से आठ महीनों तक बातें नहीं की थीं।”

बता दें कि श्रीदेवी की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी था, जब उन्होंने बोनी कपूर को राखी बांधी थी। दरअसल, श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती एक-दूसरे को पसंद करते थे, वहीं बोनी कपूर भी श्रीदेवी को अपना दिल दे बैठे थे। बोनी कपूर द्वारा एक्ट्रेस से बातें करना मिथुन को बिल्कुल भी पसंद नहीं आया था, जिसके बाद उन्होंने एक्ट्रेस से बोनी कपूर की कलाई पर राखी बंधवाई थी। हालांकि कुछ समय बाद खुद मिथुन चक्रवर्ती ही श्रीदेवी से अलग हो गए थे।