बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकार श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं हैं। लेकिन उनकी और फिल्ममेकर बोनी कपूर की लव स्टोरी के किस्से काफी दिलचस्प हैं। दोनों ने गुप-चुप तरीके से साल 1996 में शादी रचाई थी। वहीं श्रीदेवी ने शादी से काफी वक्त पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि वो कभी भी शादी शुदा व्यक्ति से शादी नहीं करना चाहती लेकिन बावजूद इसके उन्होंने बोनी कपूर से शादी की थी, जो पहले से शादी शुदा थे। लेकिन श्रीदेवी जैसी खूबसूरत अभिनेत्री को शादी के लिए राजी करना बोनी कपूर के लिए इतना भी आसान नहीं था। वो कई बार इंटरव्यूज में कह चुके हैं कि श्रीदेवी से उन्हें पहली नज़र में प्यार हो गया था।

वहीं आज भी बोनी कपूर जब श्रीदेवी को याद करते हैं तो उनके आंसू निकल आते हैं। एक इंटरव्यू के दौरान बोनी ने बताया था कि जब उन्होंने श्रीदेवी को प्रपोज़ किया था तो एक्ट्रेस उनसे इस कदर गुस्सा हो गई थीं कि 8 महीने तक कोई बात नहीं की थी। बोनी के मुताबिक शुरुआत में काफी समय तक उनका प्यार एकतरफा था। बोनी बताते हैं कि एक बार श्रीदेवी और उनकी मां को मेरे दोस्तों और मेरे साथ डिनर पर जाना था। लेकिन उसी दिन श्रीदेवी की मां की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिस वजह से वो अकेले डिनर पर आईं और सही मौका पाकर वहां से लौटते वक्त मैंने उन्हें प्रपोज़ कर दिया।

बोनी के मुताबिक श्रीदेवी प्रपोज़ल सुनकर उनसे इतना नाराज़ हो गई थीं की बाद में उन्होंने बोनी से बात ही करना छोड़ दिया था और ये सिलसिला तकरीबन 8 महीने तक चला। जिसके बाद वो काफी परेशान रहने लगे थे। लेकिन शायद किस्मत को दोनों का साथ ही मंजूर था। गौरतलब है कि श्रीदेवी की मां की बीमारी के वक्त और उनके गुजरने के बाद बोनी हर मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहे, जिसके बाद श्रीदेवी भी उनके करीब आ गईं और दोनों ने शादी कर ली थी।

बोनी कपूर और श्रीदेवी दोनों की दो बेटियां भी हैं जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर। 24 फरवरी 2018 को बॉलीवुड की इस खूबसूरत अदाकारा की बाथटब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी। बता दें बोनी कपूर की श्रीदेवी से शादी करने से पहले मोना कपूर से शादी कर चुके थे दोनों के दो बच्चे हैं। फिल्म एक्टर अर्जुन कपूर और उनकी बहन अंशुला कपूर।