Simmba Movie Review, Rating:   28 दिसंबर को रणवीर सिंह की फिल्म ‘सिंबा’ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में सारा अली खान भी हैं। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सिंबा एक्शन और कॉमेडी से भरपूर है। फिल्म में रणवीर सिंह ने एक पुलिस इंस्पेक्टर का रोल अदा किया है। फिल्म में दिखाया गया है किस तरह से मुंबई पुलिस बलात्कारियों को चुन-चुन कर मारती हैं।

सिंबा की कहानी को अजय देवगन की फिल्म सिंघम-2 से भी जोड़ा गया है। सिंबा के एक पार्ट में अजय देवगन की फिल्म को फ्लैशबैक में दिखाया गया है। इस फ्लैशबैक में अजय देवगन कहते हैं कि शिवगढ़, जहां पर एक बच्चा मेरी तरह ही पुलिस वाला बनना चाहता था। इसके बाद रणवीर सिंह की एंट्री होती है। रणवीर का उसूल है कि उन्होंने पुलिस की वर्दी अपने लिए पहनी है किसी और के लिए नहीं। यही कारण है कि माफिया बने सोनू सूद इंस्पेक्टर बने रणवीर को पैसा भी भेजते रहते हैं। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब एक दिन पुलिस स्टेशन में रणवीर सिंह को एक लड़की अपना बड़ा भाई मान लेती है। जिसके बाद सोनू सूद के लड़के रणवीर की मुंह बोली बहन के साथ गलत हरकत करते हैं। अपनी बहन को हमेशा के लिए खो देने के बाद रणवीर सिंह के अंदर का सिंबा जाग जाता है और वह चुन-चुन अपराधियों से बदला लेते हैं।

इसी बीच सारा अली खान और रणवीर सिंह के बीच भी रोमांटिक पल दिखाए जाते हैं। सारा ने फिल्म में रणवीर की लेडी लव का रोल अदा किया है। सोनू सूद और रणवीर सिंह के बीच कुछ कॉमेडी सीन भी दिखाए गए हैं लेकिन फिल्म में एक्शन का जबरदस्त तड़का है। फिल्म का म्यूजिक भी शानदार हैं। हालांकि फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी अपनी एक्शन फिल्मों के लिए ही जाने जाते हैं। एक्टिंग की बात करें तो रणवीर सिंह और सारा अली खान ने अपने रोल के साथ न्याय करने की कोशिश की है। रणवीर सिंह की सिंबा को जनसत्ता.कॉम की ओर से पांच में से 4 स्टार्स दिए गए हैं।