बॉलीवुड के बादशाह, रोमांस के किंग शाहरुख खान आज यानि 2 नवंबर को अपना 51वां बर्थडे सेलीब्रेट कर रहे हैं। हर साल इस मौके पर मीडिया और अपने फैन्स से मुलाकात करने वाले शाहरुख इस साल ऐसा नहीं कर रहे हैं। इस साल शाहरुख ने अपने कुछ करीबी दोस्तों के साथ बर्थडे सेलीब्रेट करने का सोचा। इस मौके को खास बनाने के लिए शाहरुख ने अलीबाग के अपने घर में पार्टी दी। इस पार्टी में उनके कुछ करीबी दोस्त मौजूद थे। उनके दोस्त संजय कपूर ने पार्टी की एक तस्वीर शेयर की इसमें वो बर्थडे बॉय के साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में संजय कपूर और शाहरुख के साथ संजय की बेटी शनाया भी हैं। संजय ने बेटी के साथ एक तस्वीर अलग से भी शेयर की है।
बताया जा रहा है कि पार्टी में करण जौहर भी मौजूद थे। उनके अलावा रणबीर कपूर, फराह खान, मनीष मल्होत्रा और बच्चन फैमिली इस सेलीब्रेशन के मौके पर उन्हें विश करने पहुंची थी। खबर है कि शाहरुख अगले दो दिन यहीं ठहरने वाले हैं। यहां उनके साथ उनकी पत्नी गौरी खान और बेटी सुहाना भी रहेंगी। प्रोफेश्नल फ्रंट पर बात की जाए तो शाहरुख राहुल ढोलकिया की फिल्म रईस में नजर आने वाले हैं।
