भारत में बॉलीवुड और क्रिकेट दो ऐसे प्रोफेशन हैं जहां लोगों को सबसे ज्यादा लोकप्रियता मिलती है। कई बार बॉलीवुड स्टार की क्रिकेटर के साथ कथित अफेयर की खबरें सामने आती रहती हैं। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने हाल ही में चक दे इंडिया फेम एक्ट्रेस सागरिका घाटगे के साथ शादी की है। वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली पिछले काफी समय से जब हैरी मेट सेजल स्टार अनुष्का शर्मा के साथ रिलेशनशिप में हैं।
हाल ही में क्रिकेटर सरफराज खान ने बॉलीवुड एक्ट्रेस के बारे में बात की। खान साल 2015 में आईपीएल के दौरान चर्चा में आए थे। उन्होंने इंस्टाबॉलीवुड द्वारा कराए गए एक पोल में कैटरीना कैफ की बजाए दंगल एक्ट्रेस फातिमा सना शेख को चुना। फातिमा ने आमिर खान की फिल्म में रेस्लर गीता फोगाट का किरदार निभाया था। इस फिल्म के बाद पूरे देश को फोगाट बहनों के संघर्ष के बारे में पता चला था। फिल्म में आमिर ने उनके पिता और कोच का रोल निभाया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी।
2016 के आईपीएल के दौरान सरफराज ने रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु की तरफ से खेला था। वो उस समय चर्चा में आए थे जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में उन्होंने केवल 21 बॉल में 45 रन बनाकर मैच के स्कोर को 200 तक पहुंचा दिया था। जिसमें कुछ अपरंपरागत शॉट्स जैसे रिवर्स स्वीप और स्कूप शामिल थे। मुंबई में जन्में क्रिकेटर चोट लगने के कारण पिछले कुछ समय से क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने 2016 के आईपीएल में हिस्सा नहीं लिया था। इसके अलावा वो उत्तर प्रदेश की घरेलू टीम से भी दूर हैं जिसका वो प्रतिनिधित्व करते हैं।