14 जनवरी से संजय दत्त की बयोपिक पर शूटिंग शुरू हो गई है। फिल्म की कास्ट और क्रू के साथ रणबीर कपूर मड़ आईलैंड में शूटिंग कर रहे हैं। क्या आप सोच सकते हैं वहां किसने आकर सभी को चौंका दिया? यह कोई और नहीं बल्कि संजय दत्त खुद थे। जिस तरह से कहानी आगे बढ़ रही है उसकी उन्होंने सेट्स पर आकर तारीफ की। एक लीडिंग डेली ने यूनिट के सदस्य के हवाले से कहा- किसी को नहीं पता था कि दत्त सेट्स पर आने वाले हैं। यह हम सभी के लिए सरप्राइज था। उन्होंने फिल्म की कहानी को पसंद किया और जिस तरह से उसे शेप दी जा रही है उसपर खुशी व्यक्त की। उनकी मौजूदगी में रणबीर ने कुछ सीन शूट किए और इस दौरान वो सीनियर एक्टर की इजाजत मांग रहे थे।
रणबीर ने एक मिनट के लिए भी दत्त का साथ नहीं छोड़ा। हालांकि हीरानी लगातार टेक ले रहे थे इसी वजह से वो उनके साथ ज्यादा समय नहीं बिता पाए लेकिन एक्टर ने संजय के साथ बैठकर आराम से लंच किया। इस दौरान प्रोड्यूसर विधु विनोद चोपड़ा भी मौजूद थे। कुछ समय पहले ऐसी खबरें आई थीं कि रणबीर कपूर और संजय दत्त के बीच सब ठीक नहीं चल रहा है। संजय को कपूर के साथ ही निर्देशक राजकुमार हिरानी से परेशानियां हैं। लगता है अब तीनों के बीच सब ठीक हो गया है।
बता दें कि राजकुमार हिरानी ने बताया कि अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक का पहला शॉट ले लिया गया है। वहीं फिल्म की टीम काफी उत्साहित है। हिरानी ने शनिवार को ट्विटर पर कहा, “संजय दत्त की फिल्म का पहला शॉट लिया गया। मजाकिया दृश्य। फिल्म की टीम के बीच उत्साह।” वह ‘पीके’, ‘2 इडियट्स’ और ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी. एस’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। आगामी बायोपिक में संजय की भूमिका में अभिनेता रनबीर कपूर दिखाई देंगे।
हाल ही में उनकी ‘ऐ दिल है मुश्किल’ रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन करण जौहर ने किया था। बायोपिक में कथित तौर पर विक्की कौशल, अनुष्का शर्मा और सोनम कपूर भी नजर आएंगे। गौरतलब है कि एक्टर रनबीर कपूर के हिस्से में लंबे वक्त बाद कोई ऐसी फिल्म आई है जो शायद उनका नाम इतिहास में दर्ज करा देगी। वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक में काम करने जा रहे हैं।

