बिग बॉस सीजन 12 इस बार कई मायनों में खास होने जा रहा है। इस शो की थीम के केन्द्र में इस बार विचित्र जोड़ियां हैं। उर्वशी वानी और दीपक ठाकुर की जोड़ी के साथ ही साथ अनूप जलोटा और जसलीन मथारू की जोड़ी लोगों के बीच सुर्खियां बटोरने में कामयाब रही है। शो में इसके अलावा कई दिलचस्प प्रतियोगी भी देखने को मिले जिसमें एक्ट्रेस नेहा पेन्डसे का नाम भी  शामिल हैं। नेहा ने बिग बॉस के घर में एंट्री से पहले सलमान खान के साथ एक सीन भी किया जिसमें वे सलमान की पड़ोसी बनती हुई नज़र आती हैं।

दरअसल नेहा ने बिग बॉस 12 में एक धमाकेदार गाने के साथ एंट्री की थी। उन्होंने अपनी एंट्री के बाद सलमान से एक गुजारिश की। नेहा दरअसल सलमान के साथ सीन करना चाहती थी। सलमान ने नेहा की इस रिक्वेस्ट को फौरन स्वीकार कर लिया। सलमान नेहा के पड़ोसी बनते हैं और नेहा से चीनी मांगते हैं। नेहा कहती है कि मैं खुद चीनी लाकर आपको चाय पिलाना चाहती हूं। सलमान इसके लिए राजी हो जाते हैं। इसके बाद सलमान अपनी पड़ोसी नेहा से एक बार फिर सवाल करते हैं। वे नेहा से कहते हैं कि उनकी झाडू़ खत्म हो गई है। क्या एक झाड़ू मिलेगी ? इसके जवाब में नेहा कहती हैं कि मैं अपने घर से झाड़ू लाऊंगी और आपके घर में झाड़ू लगाऊंगी।

सलमान इसके साथ ही एक और सवाल जोड़ते हुए नेहा से कहते हैं कि झाड़ू से मुझे याद आया कि मेरे घर में दारू भी खत्म हो गई है। सलमान की ये बात सुनकर नेहा समेत बिग बॉस में मौजूद प्रतिभागी और ऑडियन्स ठहाका लगाने लगते हैं। गौरतलब है कि नेहा ने इससे पहले ये भी बताया था कि वे बिग बॉस के घर में एंट्री को लेकर निश्चिन्त नहीं थी लेकिन अपनी मां के कहने पर उन्होंने बिग बॉस के घर में आने का फैसला किया। नेहा ने बताया कि उनकी मां सलमान खान की बहुत बड़ी फैन है और वे बिग बॉस के शो को भी काफी पसंद करती हैं।

https://www.jansatta.com/entertainment/