सलमान खान की फिल्मीं प्रेम कहानियां जितनी दिलचस्प रही हैं उतनी ही दिलचस्प उनकी निजी जिंदगी की प्रेम कहानियां भी रहीं। एक ऐसी ही प्रेम कहानी का जिक्र सलमान खान ने, ‘The Kapil Sharma Show’ पर किया था। उन्होंने बताया था कि जब वो 17-18 साल के थे तब एक लड़की को डेट कर रहे थे। लेकिन तभी उनका दिल किसी और लड़की पर आ गया जिससे मिलने के लिए सलमान नकली दांत लगाकर गए थे।
सलमान का दिल जिस लड़की पर आया था वो उनकी एक्स रह चुकीं थीं। उन्होंने बताया था, ‘बहुत समय पहले मैं किसी को डेट कर रहा था और फिर ऐसा मन किया कि किसी और को डेट करूं। सीरियस डेटिंग था नहीं, शुरुआत ही थी..17-18 साल की उम्र होगी मेरी। मैंने सोचा कि शायद बुरा लगेगा पहली वाली को। मेरे अंकल डेंटिस्ट हैं, मैंने उनके पास से मैंने नकली दांत बनवाए और चला गया।’
उन्होंने आगे बताया था, ‘जिनको मैं डेट कर रहा था, वो मेरी एक्स गर्लफ्रेंड थीं। एक्स वापस अगर ज़िंदगी में आ जाएं, तकलीफ़ में हो तो जाकर मिलना पड़ता है न। मेरी प्रेजेंट गर्लफ्रेंड को बुरा न लगे इसलिए दुख बचाने के लिए नकली दांत बनवाए।’
सलमान खान ने नकली दांत तो लगवा लिए ताकि उन्हें उनकी गर्लफ्रेंड न पहचान पाए लेकिन जैसे ही अपनी एक्स से मिलने ओबेरॉय होटल में गए, उनकी गर्लफ्रेंड वहीं मौजूद थीं। उन्होंने सलमान को तुरंत पहचान लिया और पूछा कि उनके दांतों को क्या हो गया है।
सलमान खान फिल्मों में आने से पहले ही अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में आ गए थे। जब साल 1980 में संगीता बिजलानी मिस इंडिया बनीं, उसके बाद से ही सलमान और उनके अफेयर की खबरें आने लगीं। हालांकि दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला।
इसके बाद सलमान खान की जिंदगी में सोमी अली आईं। सोमी के साथ भी सलमान खान का रिश्ता ठीक नहीं चला। सोमी ने सलमान खान से अलग होने के बाद बताया था कि वो उनके शराब पीने की लत से परेशान थीं। उन्होंने कहा था कि सलमान उनके साथ दुर्व्यवहार भी करते थे।
साल 1999 में सलमान खान का नाम ऐश्वर्या राय से जुड़ा। ऐश्वर्या और सलमान एक दूसरे को लेकर काफी सीरियस थे लेकिन यहां भी सलमान को निराशा हाथ लगी। ऐश्वर्या उनसे अलग हो गईं।