बॉलीवुड के भाई सलमान खान (Salman Khan) की एक्टर अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) के साथ कोल्ड वॉर किसी से छुपी नहीं है। हालांकि अर्जुन ने जब बॉलीवुड में फिल्म इशकज़ादे से अपना डेब्यू किया था, तो सलमान को अपना मेंटर बताया था। उन्होंने कहा था कि सलमान ने ही उन्हें फिट होने में और फिल्मों में आने की सलाह दी थी। लेकिन पिछले कुछ समय से इन दोनों एक्टर्स के रिश्ते बिगड़ गए हैं। दरअसल सलमान की भाभी और उनके भाई अरबाज की पत्नी मलाइका अरोड़ा के अर्जुन से नजदीकी के बाद ही, मलाइका और अरबाज का तलाक हुआ था। जिसके बाद से ही सलमान ने अर्जुन और मलाइका दोनों से किनारा कर लिया था।
लेकिन हाल ही में एक दिलचस्प घटना घटी जिसमें अर्जुन, सलमान फिर एक साथ नजर आए। हुआ कुछ यूं कि जब सलमान अपनी कार में बैठकर ट्रैफिक सिंग्नल क्रॉस कर रहे थे तब अर्जुन कपूर की कार भी उसी सिग्नल पर मौजूद थी। खबरों की मानें तो इन दोनों एक्टर्स ने एक दूसरे की तरफ नहीं देखा लेकिन सलमान और अर्जुन के फैंस के लिए दोनों का आमने-सामने आना एक दिलचस्प घटना है। अगर सलमान से अर्जुन की सामने से मुलाकात होती तो दोनों एक्टर्स का रिएक्शन वाकई देखने वाला होता।
बता दें सलमान, अर्जुन से इस कदर खफा हैं कि वो उन्हें अपने सामने देखना पसंद नहीं करते हैं। इसका एक उदाहरण है पिछले साल आई अर्जुन कपूर की फिल्म पानीपत, दरअसल पानीपत का प्रमोशन करने इस फिल्म की टीम कपिल शर्मा के शो पर पहुंची थी, अब क्योंकि इस शो के प्रोड्यूसर सलमान हैं तो प्रमोशन से अर्जुन कपूर गायब दिखे थे। इतना ही नहीं टीवी के सबसे बड़े शो बिग बॉस में इस फिल्म का प्रमोशन ही नहीं हुआ था।
ये पहला मौका नहीं है जब ये दोनों एक्टर्स एक दूसरे को इग्नोर करते दिखे हैं। इससे पहले भी सोनम कपूर के रिसेप्शन पार्टी में सलमान खान ने अर्जुन कपूर को पूरी तरह इग्नोर किया था। जिसके बाद दोनों की कोल्ड वॉर खुलकर सामने आई थी।