सुपरस्टार सलमान खान ने कई हिट फिल्म में काम किया है। उनके पिता सलीम खान ने ज़जीर, डॉन और शोले जैसी सुपरहिट फिल्में लिखी थीं। सलीम खान अक्सर चर्चा में रहते हैं, चाहे उनकी जावेद अख्तर के साथ दोस्ती हो या बाद में दोनों का अलग होना, उनकी हर चीज में काफी चर्चा रहती है। इसके अलावा वह अपने निजी जीवन को लेकर भी काफी चर्चा में रहते हैं। साल 1981 में सलीम खान ने हेलेन से शादी करने का फैसला किया था।
सलीम खान के इस दौरान चार बच्चे थे। ऐसे में अचानक लिया गया ये कदम काफी चर्चा में भी रहा था। सलमान ने इसको लेकर इंटरव्यू में अपनी नाराज़गी भी ज़ाहिर की थी। सलमान ने खुद बताया था कि वह अपनी मां के बेहद करीब थे और सलीम खान लेट आते थे तो उन्हें ये बिल्कुल पसंद नहीं था। बावजूद इसके उनकी मां ने ये सब चीजें स्वीकार कीं और समय के साथ निराशा खत्म हो गई।
सलमान ने एक बार अपने पिता के बारे में बात करते हुए ‘DNA’ के साथ इंटरव्यू में कहा था, ‘अगर कोई कहता है कि ये खूबसूरत महिलाओं में रुचि नहीं रखते, या तो वो झूठ बोल रहा है या तो पूरी तरह गलत है। मेरी राय में, महिलाएं दुनिया में सबसे खूबसूरत और सबसे रोचक रचना है। उनका एक ही समय में प्यार और सम्मान करना बहुत जरूरी है।’ सलमान की इन बातों पर सलीम खान ने भी सहमति जाहिर की थी और ये सुनकर काफी तेजी से हंसने भी लगे थे। हालांकि बाद में सलमान भी ये कहने के बाद थोड़ा असहज दिखने लगे थे।
दोनों पत्नियों सलमा और हेलेन के बारे में बात करते हुए सलीम खान ने कहा था, ‘मैं खुशनसीब हूं कि मेरे पास दो पत्नियां हैं और दोनों बहुत शांति से रहती हैं। इसमें कुछ बुराई नहीं होती अगर ये सब कुछ साल पहले हो जाता। हालांकि शुरुआत में दोनों के बीच थोड़ी नोक-झोंक होती थी। मेरी दोनों पत्नियां बेहद खूबसूरत हैं और अब वह बेहद शांति से भी रहती हैं। दो बार प्यार होने एक एक्सीडेंट की तरह है। क्योंकि आपने पहले कभी सोचा नहीं होता। ऐसा मेरे साथ दो बार हुआ है। मैं उस एक्सीडेंट में बच भी गया। मैं किसी को नहीं कहूंगा कि ये रहने का एक तरीका है। आमतौर पर ऐसा बिल्कुल नहीं होता है।’