Saif Ali Khan’s Parenting: पटौदी नवाब सैफ अली खान एक फैमिलीमैन के तौर पर जाने जाते हैं। अपने बेटे तैमूर के साथ उन्हें काफी वक्त बिताते देखा गया है। वहीं, फ्री होने पर अक्सर सैफ अपने परिवार के साथ छुट्टी मनाने निकल जाते हैं। सारा और इब्राहिम को बड़ा करने में हमेशा उनकी मां, अमृता सिंह को क्रेडिट देने वाले सैफ ने मुंबई मिरर को दिए गए इंटरव्यू में बताया कि सारा और इब्राहिम के समय वो थोड़े सेलफिश थे क्योंकि उस वक्त वो अपना करियर बनाने में ज्यादा व्यस्त थे।

अब ज्यादा पेशेंट हो गया हूं- अपने तीनों बच्चों को बड़ा करने में अंतर को लेकर के सवाल पर सैफ ने बताया कि उस वक्त उनका पूरा ध्यान अपने करियर पर था जिस वजह से वो दोनों ही बच्चों को कम समय दे पाते थे। वहीं, अब की स्थिति अलग है। तैमूर को पालने के समय सैफ खुद को अधिक धैर्यवान मानते हैं। उन्होंने बताया कि लंदन में रहने पर जब वो अपने दोस्त के घर जाते हैं तो सभी बच्चों को खेलते देखते रहते हैं। सारा और इब्राहिम के बचपन में वो उन्हें इतना समय नहीं दे पाए थे।

तैमूर को बुला देते हैं इब्राहिम- सैफ ने इस इंटरव्यू में इस बात का भी खुलासा किया है कि कई बार वो तैमूर को उसके नाम की जगह सारा या इब्राहिम कह देते हैं। उनके अनुसार बच्चों का प्यार कुछ ऐसा ही होता है। न तो आप अपने किसी भी बच्चे में अंतर कर सकते हैं और न ही कोई भी एक-दूसरे की जगह ले सकता है। सैफ के अलावा करीना कपूर खान भी अक्सर अपने बेटे तैमूर के साथ ही सारा और इब्राहिम के साथ देखी जाती हैं। इसके अलावा करीना के संबंध सैफ की बहन सोहा अली खान से भी बेहद अच्छे हैं। आए दिन सोशल मीडिया पर पूरी फैमिली की तस्वीर देखने को मिल जाती है।

जवानी जानेमन है सैफ की अगली फिल्म- फिल्म तान्हाजी में सैफ के किरदार उदयभान सिंह ने काफी वाहवाही लूटी। अजय देवगण और काजोल की इस फिल्म में सैफ विलेन की भूमिका में थे। इसके अलावा उनकी अगली फिल्म जवानी जानेमन जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में उनके साथ तब्बू और पूजा बेदी की बेटी अलाया फर्नीचरवाला मुख्य भूमिका में हैं।