मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूज़ा को हार्ट अटैक आया है और वो फिलहाल मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें अस्पताल के आईसीयू वार्ड में रखा गया है। उनकी पत्नी लिजेल डिसूज़ा ने इंडियन एक्सप्रेस को उनके हार्ट अटैक की जानकारी देते हुए बताया, ‘वो ब्लॉकेज था। डॉक्टर्स ने उनकी एंजियोग्राफी की है। वो आईसीयू में हैं, प्लीज़ उनके लिए प्रार्थना कीजिए। आनेवाले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं।’

उनकी सेहत को लेकर यह कहा जा रहा है कि उनकी हालत अभी स्थित है। रेमो डिसूज़ा को हाल ही में टीवी रियलिटी शोज पर बतौर मेहमान देखा गया था। वो कलर्स के रियलिटी शो, ‘बिग बॉस 14′ में भी दिखे थे। रेमो डिसूज़ा ने अपने करियर की शुरुआत तो बतौर कोरियोग्राफर की लेकिन धीरे- धीरे वो डायरेक्शन की तरफ मुड़ गए। उन्होंने ‘फालतू’ फिल्म के साथ अपने डायरेक्शन की शुरुआत की और उसके बाद कई हिट फिल्में दी। उन्होंने 2013 में डांस पर ही आधारित फिल्म, ‘एबीसीडी (एनी बडी कैन डांस) बनाई जो बेहद सफल रही।

इसके बाद साल 2015 में उन्होंने दोबारा इसी नाम से फिल्म, एबीसीडी 2 निर्देशित की और ये फिल्म भी बेहद सफल रही। उन्होंने फ़िल्म रेस 3, फ्लाइंग जट, स्ट्रीट डांसर 3D को भी निर्देशित किया है। रेमो डिसूज़ा कई रियलिटी टीवी शोज़ को भी होस्ट कर चुके हैं जैसे झलक दिखला जा, डांस प्लस और डांस इंडिया डांस। रेमो डिसूजा ने अपने कोरियोग्राफी की शुरुआत 1995 में की थी। चमेली, धूम, 36 चाइना टाउन, रॉक ऑन, लंदन ड्रीम्स जैसी फिल्मों ने उन्हें एक कोरियोग्राफर के तौर पर स्थापित किया है। उन्हें ‘बाजीराव मस्तानी’ फिल्म के लिए बेस्ट कोरियोग्राफर का पुरस्कार भी मिला था।

रेमो हाल ही में एक गाने की शूटिंग के लिए गोवा गए थे। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में उन्होंने अपने काम के अनुभव के बारे में बताया, ‘मैं वर्कोहोलिक हूं, और बस काम करना चाहता हूं। लेकिन कोविड के कारण मुझे 4 महीनों की छुट्टियां मिल गई थीं। गाने की शूट के दौरान बहुत कम क्रू के लोग थे और उनमें से आधे लोगों ने पीपीई किट्स पहन रखे थे। लेकिन यह न्यू नॉर्मल है और हमें इसी के साथ रहना है। जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती, हमें ऐसे ही खुद का ख्याल रखना होगा।’