बॉलीवुड की एवरग्रीन ब्यूटी रेखा आज भी अपनी अदाओं और नृत्य शैली से सबके दिलों पर राज करती हैं। उनका फिल्मी करियर जितना रंगीन रहा उतनी ही फीकी रही उनकी निजी ज़िंदगी। उनके नाम तो कई अभिनेताओं से जुड़े लेकिन कभी उन्हें सच्चा प्यार नहीं मिल सका। अमिताभ, विनोद मेहरा, अक्षय कुमार सहित कई अभिनेताओं के साथ उनके अफेयर की ख़बरें थीं। अंत में उन्होंने मुकेश अग्रवाल से शादी भी कर ली लेकिन ये शादी भी नहीं टिक पाई और शादी के कुछ महीनों के अंदर ही पति ने आत्महत्या कर ली।

रेखा का बचपन भी कुछ ऐसा ही रहा, वो अपने पिता का प्यार नहीं पा सकी। रेखा अपने पिता को लेकर ये तक कहती हैं कि पिता के नाम पर वो सिर्फ़ चर्च के पादरी को जानती हैं। रेखा की मां पुष्पावली तमिल और तेलुगू फिल्मों की एक्ट्रेस थीं। रेखा के पिता जैमिनी गणेशन भी एक्टर थे और उन्होंने पुष्पावली के साथ कई फिल्में की। इसी दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ।

रेखा की बायोग्राफी, ‘रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी’ में इस बात का ज़िक्र है कि रेखा के जन्म के बाद उनके माता- पिता ने शादी की। हालांकि रेखा के जन्म के कुछ समय बाद ही उनके पिता मां- बेटी से अलग हो गए थे। जैमिनी गणेशन के संबंध 4 महिलाओं से रहे थे जिनमें से एक रेखा की मां थीं।

एक ही शहर में रहते हुए भी रेखा न तो कभी अपने पिता से मिलीं और न ही उनके पिता कभी उनसे मिलने आए। एक्ट्रेस और होस्ट सिमी ग्रेवाल के शो में रेखा ने अपने पिता के बारे में कहा था, ‘जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं तो मुझे लगता है कि मुझे नहीं पता पिता का मतलब क्या होता है। फादर के नाम पर मैं सिर्फ़ चर्च के पादरी को जानती हूं। मैने दूसरों को देखा है अपने पिता का प्यार पाते हुए लेकिन मुझे इसका कोई आइडिया नहीं है।’

 

रेखा कभी भी एक अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं। वो एक एयर हॉस्टेस बनकर पूरी दुनिया घूमना चाहती थीं लेकिन परिवार की ज़िम्मेदारियों के कारण वो फिल्में करने लगी। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उनसे कहा कि अगर वो एक फिल्म कर लेती हैं तो उनके पास बहुत पैसे हो जाएंगे जिससे वो साउथ अफ्रीका घूम पाएंगी।

 

उन्होंने बताया, ‘मां ने मुझे उल्लू बनाया और मैं बन गई। मैने 8 वीं क्लास में ही स्कूल छोड़ दिया।’ रेखा कहती हैं कि वो फिल्मी दुनिया में आने के बजाय शादी करके घर बसाना चाहती थीं। वो अपने बच्चे चाहती थीं और एक प्यार करने वाला पति चाहतीं थीं।