रणवीर सिंह के लिए साल 2018 बेहद खास रहा है। साल की शुरूआत में रिलीज़ हुई उनकी फिल्म पद्मावत कई विवादों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से अधिक का कारोबार किया। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण के साथ इटली में डेस्टिनेशन वेडिंग रचाई है। इटली में शादी रचाने और बेंगलुरू में ग्रैंड रिसेप्शन देने के बाद रणवीर का मुंबई में वेडिंग रिसेप्शन होना है।
माना जा रहा था कि रणवीर अपने रिसेप्शन के चलते बेहद बिज़ी होंगे लेकिन अपने बिज़ी शेड्यूल के बीच भी रणवीर काम करते हुए दिखाई दिए। गौरतलब है कि रणवीर सिंह को हाल ही में यशराज स्टूडियोज़ में देखा गया था। रणवीर दरअसल अपनी नई फिल्म सिंबा की डबिंग करने के लिए पहुंचे थे। रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित इस फिल्म का ट्रेलर 3 दिसंबर को रिलीज़ होने जा रहा है। रणवीर ने इस फिल्म की शूटिंग खत्म होने पर भी रोहित शेट्टी और फिल्म की पूरी टीम को थैंक्यू यू स्पीच दी थी और इस स्पीच को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। इस फिल्म में रणवीर के साथ सारा अली खान लीड एक्ट्रेस की भूमिका में नज़र आएंगी।
गौरतलब है कि रणवीर सिंबा के अलावा आलिया भट्ट के साथ फिल्म गली ब्वॉय में भी नज़र आने वाले हैं। इस फिल्म को जोया अख्तर निर्देशित कर रही हैं। इसके अलावा रणवीर, कबीर खान की फिल्म 83 में भी दिखाई देंगे। इस फिल्म में रणवीर सिंह, कपिल देव के रोल में नज़र आएंगे। इसके अलावा वे करण जौहर की फिल्म तख्त का भी हिस्सा है। इस मल्टीस्टारर फिल्म में रणवीर, अनिल कपूर, करीना कपूर खान, विकी कौशल, जाह्नवी कपूर और आलिया भट्ट जैसे सितारे नज़र आएंगे। ये फिल्म 2020 में रिलीज़ होने जा रही है।
