बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह जल्द ही फिल्म ‘पद्मावती’ में नजर आएंगे। संजय लीला भंसाली निर्देशित इस फिल्म में संजय अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। संजय बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशकों में से हैं। वह अपने एक्टर को तब तक नहीं छोड़ते जब तक कि उन्हें उनका पसंदीदा शॉट नहीं मिल जाता। फिल्म की शूटिंग के दौरान संजय को एक सीन फिल्माना था जिसमें रजा मुराद रणवीर सिंह को थप्पड़ मारते हैं। लेकिन तकरीबन 20 से ज्यादा बार थप्पड़ खाने के बावजूद संजय को उनकी पसंद का शॉट नहीं मिला। संजय रीटेक पर रीटेक लेते रहे और करीबन 24 बार रजा मुराद का थप्पड़ खाने के बाद संजय को अपना परफेक्ट शॉट मिला जिसे उन्होंने ओके किया।
रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक अखबार की कटिंग शेयर की है और कैप्शन में लिखा- सच्ची कहानी। मालूम हो कि रणवीर सिंह के अलावा इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर भी होंगे। दीपिका पादुकोण फिल्म में रानी पद्मिनी की भूमिका निभा रही हैं और शाहिद कपूर राजा रतन सिंह की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग तकरीबन पूरी हो चुकी है और खबरों के मुताबिक इस फिल्म को साल के अंत में रिलीज किया जा सकता है। फिल्म की कहानी को लेकर काफी विवाद होता रहा है। फिल्म चर्चा में तब आई जब राजस्थान की राजधानी जयपुर में शूटिंग के दौरान करणी सेना नामक समूह ने सेट पर तोड़फोड़ की और संजय लीला भंसाली के साथ मारपीट की। असल में इस तरह की खबरें आई थीं कि फिल्म में रानी पद्मिनी के कुछ आपत्तिजनक सीन दिखाए गए हैं। इसी बात पर कुछ समुदायों और समूहों को आपत्ति थी।
इसके बाद भी काफी वक्त तक फिल्म विवादों में बनी रही। कभी निर्देशक को अंजाम भुगतने की धमकियां मिलीं तो कभी सेट पर आग लगा दी गई। लेकिन संजय अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर अड़े रहे।