बॉलीवुड के शोमैन राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का आज निधन हो गया है। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कई बॉलीवुड सितारे कपूर निवास पहुंचे। कृष्णा, राज कपूर की ज़िंदगी में एक मज़बूत स्तंभ थीं लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब राज और नरगिस के अफेयर के चलते, राज और कृष्णा के रिश्ते में परेशानियां आ रही थी। दरअसल श्री 420, बरसात और आवारा जैसी कई क्लासिक फिल्मों में नज़र आने वाले राजकपूर और नरगिस की प्रेम कहानी किसी से छिपी नहीं है। दोनों सितारों की ऑनस्क्रीन जोड़ी उस दौर में भी देश से बाहर भी जबरदस्त लोकप्रिय थी। राजकपूर और नरगिस के पहली बार मिलने की कहानी भी दिलचस्प है।
दरअसल राजकपूर अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट करने जा रहे थे। इस फिल्म का नाम आग था और फिल्म की शूटिंग के लिए एक अच्छी लोकेशन के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए राजकपूर अपने ज़माने की मशहूर एक्ट्रेस जद्दनबाई के घर गए थे। वहां पहुंचने पर दरवाजा जद्दनबाई की बेटी नरगिस ने ही खोला था। उस समय नरगिस के माथे पर बेसन लगा हुआ था। राज कपूर, नरगिस की सादगी से काफी इंप्रेस हुए थे और उन्होंने फिल्म के लेखक को कहा था कि नरगिस के लिए फिल्म में एक रोल क्रिएट कर दिया जाए। इसके बाद राज और नरगिस ने कई फिल्मों में साथ काम किया। राजकपूर और नरगिस की लोकप्रियता का आलम ये था कि उन्हें एक दौर में देश में ही नहीं बल्कि देश के बाहर रूस में भी एक कपल माना जाने लगा था। गौरतलब है कि रूस और चीन में राजकपूर की फिल्में काफी मशहूर थी।
हालांकि दोनों ने कभी अपने रिश्ते को आधिकारिक नहीं किया लेकिन राजकपूर और नरगिस के बीच बढ़ती नज़दीकियां सुर्खियां बटोर रही थीं और इसी बात से एक्टर प्रेमनाथ बेहद खफा थे। दरअसल राजकपूर की शादी कृष्णा कपूर से तय हुई थी। प्रेमनाथ कृष्णा कपूर के भाई थे। वे चाहते थे कि उनकी बहन की शादी में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए इसलिए प्रेमनाथ ने राजकपूर को धमकी तक दे डाली थी। माना जाता है कि इस धमकी के बाद राज और नरगिस के बीच चीज़ें काफी बदल गई थी। नरगिस ने इसके बाद एक्टर सुनील दत्त से शादी कर ली थी।
राज कपूर और नरगिस का रिश्ता कितना खास था, इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि राज कपूर और नरगिस पर फिल्माए गए एक सीन को ही राज ने अपने स्टूडियो आरके का लोगो बना दिया था। हालांकि राज कपूर का 70 साल पुराना आर.के स्टूडियो पिछले कुछ समय से बुरी हालत में है। इस ऐतिहासिक स्टूडियो में राज कपूर अपनी 90 प्रतिशत फिल्मों की शूटिंग किया करते थे। जाहिर है ये कपूर खानदान के सबसे खास धरोहरों में से एक था लेकिन पिछले साल इस स्टूडियो में आग लगने के बाद इस जगह के कई हिस्से बुरी तरह जल गए थे और इसी के बाद ही कपूर फैमिली ने इस स्टूडियो को बेचने का फैसला किया है।