राज कपूर का नाम ऐसे एक्टर की लिस्ट में शुमार है जिन्होंने हिंदी सिनेमा को एक अलग पहचान दी है। बॉलीवुड में शो मैन के नाम से पुकारे जाने वाले दिवंगत एक्टर-डायरेक्टर राज कपूर की आज जन्मदिन है। राज कपूर का जन्म 14 दिसंबर 1924 को पेशावर (पाकिस्तान) में हुआ था। राज कपूर ने अपने एक्टिंग करियर में जिस मुकाम को छुआ उसके पीछे सिर्फ उनकी कड़ी मेहनत और काबिलियत थी। यूं तो राज कपूर की लाइफ से कई दिलचस्प किस्से भी जुड़े हैं लेकिन उनमें सबसे दिलचस्प यह है कि राज कपूर की पत्नी सुहागन होने के बाद भी सफेद साड़ी ही पहनती हैं। इसके किस्से के पीछे का कारण भी बेहद अलग है।
दरअसल राज कपूर को सफेद साड़ी बहुत पसंद थी। जब राज कपूर छोटे थे तब उन्होंने सफेद साड़ी में एक महिला को देखा था जिस पर उनका दिल आ गया था। इस वाकये के बाद राज कपूर का सफेद साड़ी के प्रति इतना ज्यादा मोह बढ़ गया कि उन्होंने अपनी फिल्मों की हिरोइनों नरगिस, पद्मिनी, वैजयंतीमाला, जीनत अमान और मंदाकिनी को भी सफेद साड़ी पहनाई। यहां तक कि राज कपूर की पत्नी कृष्णा घर पर भी सफेद साड़ी ही पहना करती थीं।
राज कपूर ने 17 साल की उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था। राज कपूर ने रंजीत मूवीकॉम’ और ‘बॉम्बे टॉकीज’ फिल्म प्रोडक्शन कंपनी में बतौर स्पॉटबॉय काम शुरू किया था। हिंदी सिनेमा की जानी-मानी हस्ती पृथ्वी राज कपूर के घर जन्म के बाद भी राज कपूर ने बॉलीवुड में कड़ा संघर्ष किया। राज कपूर के लिए शुरुआती दिन आसान नहीं थे। आपको जानकर दंग रह जाएंगे कि राज कपूर के फिल्मी करियर की शुरुआत एक थप्पड़ के साथ हुई थी। दरअसल डायरेक्टर केदार शर्मा की फिल्म में काम करते हुए राज कपूर ने एक दिन इतनी तेजी से ताली बजा दी थी कि हीरो की नकली दाड़ी क्लैप में फंसकर बाहर आ गई। इस बात से खफा होकर केदार शर्मा ने राज कपूर को चांटा मार दिया था।
