बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस नरगिस ने अपनी एक्टिंग और फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। नरगिस अपने करियर के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहती थीं। उन्होंने बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सुनील दत्त से शादी की थी और करीब एक साल बाद शादी की खबर को सार्वजनिक किया था। लेकिन, नरगिस और सुनील दत्त की शादी से बॉलीवुड के शो मैन कहे जाने वाले राज कपूर को काफी झटका लगा था। वह दोनों की शादी से इतना दुखी हो गए थे कि पूरी रात रोते रहते थे।

9 सालों तक चला नरगिस और राज कपूर का रिलेशन: दरअसल, नरगिस और राज कपूर रिलेशनशिप में थे, उनका रिलेशन करीब 9 सालों तक चला था। दोनों कई बॉलीवुड फिल्मों में भी साथ नजर आए थे, जिसमें उनकी केमिस्ट्री भी देखने लायक होती थी। लेकिन, राज कपूर पहले से ही शादीशुदा थे और इसके बावजूद उन्होंने नरगिस से शादी करने का वादा किया हुआ था।

करीब 9 सालों बाद नरगिस और राज कपूर के रिश्ते में दरार पड़नी शुरू हो गई थी। वहीं, नरगिस ने भी राज कपूर को बिना बताए फिल्म ‘मदर इंडिया’ साइन कर दी थी और इसमें उन्होंने सुनील दत्त और राजकुमार जैसे कई कलाकारों संग मुख्य भूमिका अदा की। शूटिंग के दौरान ही फिल्म के सेट पर आग लग गई थी, जिसमें नरगिस फंस गई थी। ऐसे में एक्टर सुनील दत्त ने अपनी जान पर खेलकर एक्ट्रेस को बचाया था।

शादी की खबर से टूट चुके थे राज कपूर: ‘मदर इंडिया’ के सेट पर हुए इस हादसे के बाद ही नरगिस और सुनील दत्त को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। उन्होंने 1958 में शादी कर ली, जिसकी खबर उन्होंने करीब एक साल तक गुप्त रखी। एबीपी लाइव के मुताबिक जैसे ही इस बात की जानकारी राज कपूर को हुई, वह बुरी तरह से टूट गए। वह पूरी रात रोते थे और जलती सिगरेट से खुद को दागते भी थे। बताया जाता है कि राज कपूर इस दौरान शराब भी बहुत पीने लगे थे।

नरगिस को धोखेबाज मानते थे एक्टर: कुछ समय बाद राज कपूर को खुद को संभालना पड़ा। लेकिन, एक्टर को हमेशा यही लगता था कि नरगिस ने उन्हें धोखा दिया है। 1986 में दिये अपने एक इंटरव्यू में राज कपूर ने नरगिस पर उन्हें धोखा देने का आरोप भी लगाया था, साथ ही कहा कि वह उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।