पाकिस्तानी गायक अदनान सामी ने दूसरी बार भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन दायर किया है। इससे पहले का उनका आवेदन केंद्र ने नामंजूर कर दिया था। 43 साल के गायक ने पूर्व में करीब दो साल पहले आवेदन किया था।
उन्होंने गृह मंत्रालय के विदेशी संभाग में आवेदन दायर किया है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा, ‘‘उनके आवेदन पर विचार किया जा रहा है।’’
पिछले महीने गृह मंत्रालय ने कानून मंत्रालय से पूछा था कि क्या सामी को भारतीय नागरिकता दी जा सकती है। लेकिन कानून मंत्रालय ने अनुरोध पर विचार करने से इंकार करते हुए कहा कि नागरिकता प्रदान करने का अधिकार नागरिकता अधिनियम के तहत गृह मंत्रालय के पास है।
कानून मंत्रालय ने हालांकि कहा कि वह इस मामले में फैसला करने के लिए नागरिकता अधिनियम के किसी भी प्रावधान की व्याख्या करने में गृह मंत्रालय की मदद कर सकता है।