Padman Movie Music Review: अक्षय कुमार, राधिका आप्टे और सोनम कपूर स्टारर फिल्म ‘पैडमैन’ 9 फरवरी को रिलीज हो चुकी है। फिल्म में अक्षय एक ऐसा किरदार निभा रहे हैं जो महिलाओं के पीरियड्स के दौरान होने वाली समस्या को खत्म करने की कोशिश में जुटा रहता है। ये फिल्म समाज को एक संवेदनशील संदेश भी देती है जिसमें बताया जाता है कि यह कोई बीमारी नहीं है यह एक नेचुरल प्रॉसेस है। इसमें कोई शर्म वाली बात नहीं है। फिल्म में अक्षय पैडमैन के किरदार में है। पैडमैन अपनी पत्नी से बेहद प्रेम करता है। वहीं पत्नी की खुशी उसे खुशी देती है और पत्नी का गम उसके लिए गम बन जाता है। इसी दौरान उसे अहसास होता है कि महिलाओं के लिए पीरियड्स के दिन कितने मुश्किल होते हैं। फिल्म का ट्रेलर लोगों को बहुत पसंद आया। वहीं ‘पैडमैन’ के गाने फिल्म की रिलीज से पहले ही लोगों की जुबान पर हैं। ‘पैडमैन’ का पहला गाना है ‘आज से तेरी’।

पैडमैन अपनी पत्नी से कितना प्यार करता है, इस गाने में झलकता है। प्याज काटते समय पत्नी की आंखों के आंसू देख पैडमैन खिलौने को प्याज काटने का साधन बना देता है। पत्नी की खुशी के लिए पैडमैन अपने हाथों से उसके लिए सबसे अलग तरह का गजरा बनाता है। यह गाना दर्शकों को खूब पसंद आया है। अब तक इस गाने को यू ट्यूब पर 18,419,166 लोग देख चुके हैं। इस गाने को बॉलीवुड प्ले बैक सिंगर अरिजीत ने अपनी आवाज दी है। संगीत अमित त्रिवेदी का है और लिरिक्स कौसर मुनीर के हैं।

फिल्म का दूसरा गाना है- ‘हूबहू’। यह गाना अक्षय और सोनम कपूर पर फिल्माया गया है। इस गाने को अमित त्रिवेदी ने गाया है, बैकग्राउंड वोकल राजीव सुदर्शन और सुहास सावंत ने दिया है। संगीत अमित त्रिवेदी का ही है और लिरिक्स कौसर मुनीर के हैं।

फिल्म का तीसरा गाना है- ‘सयानी’। इस गाने को यशिता शर्मा, जोनिता गांधी, यशिका सिक्का और रानी कौर ने अपनी आवाज दी है। संगीत अमित त्रिवेदी का है और लिरिक्स कौसर मुनीर के हैं। इस फिल्म का चौथा गाना है- साले सपने। इस गाने को मोहित चौहान ने अपनी आवाज दी है। संगीत अमित त्रिवेदी और लिरिक्स कौसर मुनीर के हैं।