OTT Reality Shows: देश का पहला ‘रियलिटी शो’ साल 2000 में शुरू हुआ था, जिसका नाम था ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और इसके होस्ट अभिनेता अमिताभ बच्चन थे। इतने सालों बाद 2023 में भी ‘कौन बनेगा करोड़पति’ उतना ही लोकप्रिय है जितना कि शुरुआत में था। इसकी लोकप्रियता की सबसे खास वजह यह है कि यह एक ज्ञानवर्धक शो है। दूसरा मुख्य आकर्षण है शो के होस्ट अमिताभ बच्चन जो पिछले 23 सालों से दर्शकों की पहली पसंद है। तीसरा आकर्षण है इस शो में जीती जाने वाली धनराशि। ऐसे में कहना गलत ना होगा कि रियलिटी शो की शुरुआत ही धमाकेदार थी। उसके बाद कई सारे और शो आए, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीता। फिर चाहे वे म्यूजिक रियलिटी शो हों या डांस रियलिटी शो। इसी सिलसिले पर एक नजर…..
‘रियलिटी शो’ का हिस्सा बनकर रातों-रात नाम शोहरत और पैसा कमाने के चक्कर में पूरे भारत से कई सारे लोग अपनी किस्मत आजमाने मुंबई आते हैं। इनमें से कुछ लोगों के सपने साकार भी होते हैं। ऐसे में कहना गलत ना होगा आम लोगों के लिए रियलिटी शो अपने सपने सच करने का साधन ही नहीं बल्कि पैसा कमाने का माध्यम भी है। इसकी वजह से कौन बनेगा करोड़पति, बिग बॉस, सुपर डांसर, सारेगामापा, रोडीज जैसे शो में भाग लेने के लिए विदेश से भी लोग आते हैं।
बिग बॉस में सनी लियोनी से लेकर दुबई से आए अब्दु रोजिक, जैसे कई लोग हर साल अपनी तकदीर आजमाने आते हैं। पिछले 16 सालों से चल रहा बिग बॉस हर साल किसी ना किसी प्रतियोगी को सफल और लोकप्रिय बनाता है। इसी तरह डांस पर आधारित झलक दिखला जा, डांस दीवाने, सुपर डांसर, और गानों पर आधारित सारेगामापा, इंडियन आइडल, जैसे कई रियलिटी शो बहुत सारे लोगों की तकदीर बनाते हैं। कपिल शर्मा शो और लाफ्टर चैलेंज जहां लोगों को हंसाते हैं, वहीं क्राइम पेट्रोल, और सावधान इंडिया जैसे शो समाज में चल रहे अपराध से अवगत कराते हैं। यही वजह है कि रियलिटी शो हमेशा दर्शकों की पहली पसंद होते हैं।
लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस, खतरों के खिलाड़ी, मास्टर शेफ, शार्क टैंक इंडियन, स्प्लिट्सविला,रोडीज, द कपिल शर्मा शो, नच बलिए, झलक दिखला जा, इंडियन आइडल, सारेगामापा जब से शुरू हुए हैं हर साल नए तरीके से टीवी पर प्रस्तुत होते हैं। इसकी लोकप्रियता सिर्फ छोटे पर्दे तक ही सीमित नहीं है बल्कि अब ओटीटी पर भी यह धीरे-धीरे छा रही है। कई सारे शो ओटीटी पर भी धीरे-धीरे प्रसारित होने शुरू हो गए हैं।
वे शो जो विवादित होने के बावजूद लगातार बने हुए हैं आज के समय में दर्शक वह देखना चाहते हैं जिसमें कुछ मसाला हो और बहुत कुछ देखने के लिए हो, फिर चाहे वह अश्लील या विवादित ही क्यों ना हो, जिसके चलते पिछले 16 सालों से बिग बॉस के मेजबान सलमान खान से लेकर शो में भाग लेने वाले प्रतिभागी विवादों के चलते चर्चा में रहते हैं। सलमान खान जहां बेबाक बयान की वजह से घर के किसी ना किसी एक प्रतियोगी को अपना दुश्मन बना लेते हैं। वहीं इस शो में भाग लेने वाले प्रतियोगी अपने गलत व्यवहार की वजह से बीच शो से बाहर निकालने की वजह से चर्चा में रहते हैं।
इस साल प्रसारित होने वाले और हो रहे रियलिटी शो
इस साल भी कई शो दर्शकों के मनोरंजन के लिए पूरे दमखम के साथ प्रसारित हो रहे हैं और कुछ प्रसिद्ध शो जल्द ही प्रसारित होने वाले हैं। जैसे इंडियाज बेस्ट डांसर, खतरों के खिलाड़ी, बिग बॉस 2 ओटीटी पर पहले से प्रसारित हो रहा है। इसके अलावा कौन बनेगा करोड़पति का नया संस्करण जल्द शुरू होने वाला है, कपिल शर्मा, बिग बॉस का नया संस्करण टीवी पर, लॉकअप 2, कॉफी विद करण का नया संस्करण ओटीटी पर, नच बलिए, झलक दिखला जा, इंडियन आइडल, मास्टर शेफ का नया संस्करण जल्द ही शुरू होने वाला है।
आरती सक्सेना