ओपरा विन्फ्रे ने हाल ही में प्रियंका चोपड़ा का इंटरव्यू किया था जिसने खूब सुर्खियां बटोरी। उन्होंने निक जोनस से अपने रिश्ते, फिल्मी करियर और अपने परिवार से जुड़ी कई बातों का ज़िक्र किया था। कुछ सालों पहले अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय भी ओपरा विन्फ्रे के शो पर गए थे। शो पर वो अपनी शादी के बाद 2009 गए थे जहां उन्होंने अपने रिलेशन और फिल्मी करियर पर बात की थी। उस इंटरव्यू की भी लोगों के बीच खूब चर्चा हुई थी।
शो पर ओपरा ने ऐश्वर्या से एक सवाल पूछा था जिसके जवाब में अभिषेक बच्चन ने जो जवाब दिया, उसने ऑडियंस का दिल जीत लिया था। ओपराह ने ऐश्वर्या से सवाल पूछा था कि बॉलीवुड में उनका करियर बड़ा ही सफल रहा है बावजूद इसके उन्होंने कैमरा के सामने कभी कोई किसिंग सीन नहीं दिया। उन्होंने पूछा था, ‘मैं समझती हूं, आपने कैमरा पर कभी कोई किसिंग सीन नहीं दिया।’
ऐश्वर्या उनके सवाल पर मुस्कुराई थीं और उन्होंने अभिषेक बच्चन से कहा था, ‘गो ऑन बेबी’ अभिषेक बच्चन ने इसके बाद ऐश्वर्या राय के गाल पर किस किया और ओपरा से कहा था, ‘जितना पश्चिम की फिल्मों में खुले रूप से ये सारी चीजें होती हैं, इंडिया में वैसा नहीं होता। ऐसा नहीं कि इन चीज़ों को स्वीकार किया जाएगा या नहीं बल्कि हमें इसकी जरूरत नहीं महसूस होती।’
अभिषेक ने आगे कहा था, ‘उसे आप ऐसे समझिए, जब हम कोई सीन बनाते हैं, लड़के लड़कियों से मिलते हैं, उन्हें प्यार होता है, वो अपना प्यार जाहिर करने के लिए किस करते हैं। भारत में इसके लिए हमारे पास एक गाना होता है। उसमें ये सारे इंटिमेट मोमेंट्स होते हैं, और फिर होता है कट, आप पहाड़ों के बीच होते हैं, नाचते हुए और गाते हुए।’
ओपरा के शो पर अभिषेक ने यह भी बताया कि ऐश्वर्या कैसे उनकी जिंदगी में आईं। उन्होंने बताया, ‘मैं एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में न्यूयॉर्क में था। वहीं होटल की बालकनी में खड़े होकर मैं दुआ मांगता था कि काश शादी करके एक दिन हम साथ होते। मैं एक दिन उसी बालकनी पर ऐश्वर्या को ले गया और शादी के लिए प्रपोज कर दिया।’ ऐश्वर्या ने शो पर बताया कि अभिषेक का उन्हें प्रपोज करने का तरीका बहुत ही प्यारा था।