हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के दिवंगत अभिनेता राज कपूर को विभिन्न नस्लों के आम से बहुत लगाव था। वो एक कमरे में आम रखते थे और उस कमरे में किसी को जाने की इजाज़त नहीं थी। उनकी पोती अभिनेत्री करीना कपूर ने The Kapil Sharma Show पर बताया था कि राज कपूर के आम को खाने की इजाजत केवल करिश्मा कपूर को थी। जब करीना छोटी थीं तब राज कपूर के आम वाले कमरे से आम चुराने की कोशिश करतीं थीं लेकिन राज कपूर आम को इतना छुपाकर रखते कि किसी को मिल नहीं पाता था।
करीना ने बताया था, ‘हम आम चुराने की कोशिश करते थे लेकिन कभी मिला नहीं क्योंकि वो बहुत छुपाकर रखते थे। वो आम को बचाकर किसी आलमारी में रखकर ताला लगा देते थे और चाबी खुद रख लेते थे। लेकिन वो करिश्मा को हमेशा आम दिया करते थे क्योंकि करिश्मा उनकी फेवरेट पोती थीं।’
उन्होंने आगे बताया था, ‘जब भी लोलो (करिश्मा कपूर का निकनेम) उनसे आम मांगती थीं तब कहते थे लो, लो बेटा। उसमें से मैं चुपके से एक आम उठा लेती थी और झूला के पीछे बैठकर खाती थी।’
राज कपूर बेहद ही साधारण जीवन जीने वाले इंसान थे। उन्हें जमीन पर सोना इतना पसंद था कि जब कभी वो होटल में ठहरते, वहां भी ज़मीन पर ही गद्दा बिछाकर सो जाते थे। विदेशी शराब के शौकीन राज कपूर को इस आदत के लिए एक बार जुर्माना भी देना पड़ गया था। राज कपूर लंदन के हिल्टन होटल में ठहरे थे। आदत के अनुसार, उन्होंने सोने के लिए बेड से गद्दा लिया और ज़मीन पर बिछाकर सो गए। जब इस बात की खबर होटल के मैनेजमेंट को हुई तो राज कपूर को चेतावनी दी गई कि वो जमीन पर गद्दा बिछाकर न सोएं।
लेकिन अगले दिन भी राज कपूर ने ऐसा ही किया जिसके बाद उन पर जुर्माना लगा दिया गया। राज कपूर उस होटल में पांच दिन ठहरे थे और हर दिन जमीन पर सोने के लिए उन्होंने जुर्माना भरा।