राज कपूर और नरगिस की प्रेम कहानी हिंदी सिनेमा जगत की सबसे ज्यादा चर्चित कहानियों में से एक रही है। राज कपूर नर्गिस को देखते ही अपना दिल दे बैठे थे। नरगिस थीं भी बला की खूबसूरत। दोनों ने साथ में कई फिल्में की और इस जोड़ी ने फिल्मी पर्दे पर राज करना शुरू कर दिया। इधर दोनों की प्रेम कहानी भी आगे बढ़ रही थी। नरगिस राज कपूर की पत्नी बनना चाहती थीं। लेकिन शादीशुदा राज कपूर अपनी पत्नी को तलाक नहीं देना चाहते थे। इसी बात को लेकर नरगिस एक बार तत्कालीन गृह मंत्री मोरारजी देसाई के पास पहुंच गईं थीं ताकि शादी के लिए कोई कानूनी रास्ता निकाला जा सके।

नरगिस और राज कपूर के बीच फिल्म बरसात के दौरान काफी नजदीकियां बढ़ गईं थीं। नरगिस ने राज कपूर के आरके स्टूडियो में अपना पैसा लगाना शुरू कर दिया था। नरगिस की दोस्त नीलम ने बताया था कि राज कपूर अकसर नरगिस से कहा करते कि वो उनसे शादी जरूर करेंगे। लेकिन वक्त के साथ नरगिस को यह लगने लगा कि राज कपूर अपनी पत्नी को कभी तलाक नहीं देंगे।

बिना तलाक दिए राज कपूर से शादी कैसे हो, इसका रास्ता निकालने के लिए नरगिस तत्कालीन गृह मंत्री मोरारजी देसाई के पास पहुंच गईं थीं। मधु जैन ने अपनी किताब, ‘फर्स्ट फैमिली ऑफ इंडियन सिनेमा: द कपूर्स’ में लिखा है, ‘नरगिस की शादी की इच्छा इतनी बलवती हुई कि उन्होंने बंबई के तत्कालीन गृहमंत्री मोरारजी देसाई तक से इस बारे में सलाह ले डाली कि वो किस तरह कानूनी रूप से राज कपूर से शादी कर सकती हैं।’

राजकपूर भी नरगिस से शादी करना चाहते थे लेकिन उनके पिता पृथ्वीराज कपूर इसके सख्त खिलाफ थे। धीरे-धीरे नरगिस को भी समझ में आ गया कि राज कपूर उनसे कभी शादी नहीं करने वाले और उन्होंने फैसला कर लिया कि वो राज कपूर की जिंदगी से दूर निकल जाएंगी। राज कपूर को इस बात का एहसास तब हुआ जब नरगिस ने राज कपूर को बिना बताए आरके फिल्म्स से बाहर की फिल्म मदर इंडिया साइन कर ली।

 

कहा यह भी जाता है कि एक दिन नरगिस ने राज कपूर को अपनी पत्नी को हार पहनाते हुए देख लिया था जिसके बाद उनसे अलग होने का फैसला किया। दरासल नरगिस ने उस दिन राज कपूर के साथ कहीं बाहर जाने का प्लान किया था। बहुत इंतजार के बाद जब राज कपूर नहीं आए तो वो उनके घर पहुंच गईं।

 

राज कपूर के घर उनकी पत्नी की बर्थडे पार्टी चल रही थी और जब उन्होंने उनके बेडरूम में देखा तो राज कपूर अपनी पत्नी को हार पहना रहे थे। नरगिस यह देख उल्टे पांव लौट आईं  थीं। मदर इंडिया के दौरान ही नरगिस को सुनील दत्त से प्यार हुआ और दोनों ने 1958 में शादी कर ली।